Logo
मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की बेटी सुरभि खंडेलवाल का निधन हो गया। वे 34 वर्ष की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ थीं। मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित कई नेताओं ने शोक जताया।

Betul News: मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की बेटी सुरभि खंडेलवाल का निधन हो गया है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल के अनुसार 34 वर्षीय सुरभि खंडेलवाल स्पेशल चाइल्ड थीं और लंबे समय से अस्वस्थ थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुरभि खंडेलवाल की तबियत रूटीन फिजियोथेरेपी के बाद बिगड़ गई और हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई।

बेटी के निधन की जानकारी मिलने पर हेमंत खंडेलवाल भोपाल से बैतूल के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि, बैतूल में शाम 5 बजे अंतिम यात्रा शुरू होगी और कोठी बाजार मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की बेटी के निधन की खबर से बैतूल सहित राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

सीएम यादव ने जताया शोक 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर लिखा 'मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जी की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल का बीमारी के कारण निधन अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत को शांति तथा परिजनों को संबल प्रदान करें।'

प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने एक्स पर पोस्ट किया कि, 'भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा  रितु खंडेलवाल की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल का आज बुधवार को दुखद निधन हो गया। वे एक स्पेशल चाइल्ड थीं और लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनकी अंतिम यात्रा आज सायं 5:00 बजे, उनके निवास बैतूल गंज से कोठी बाजार मोक्ष धाम के लिए प्रस्थान करेगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें।'

5379487