सागर। जिले के बीना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ, जब तेज रफ्तार में चल रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जाता है कि घायल युवक भोपाल के हैं।
हड़कल खाती गांव के पास हुआ हादसा
पुलिस ने बताया कि यह हादसा बीना के आगासौद थाना क्षेत्र के हड़कल खाती गांव के पास हुआ। कार में सवार सभी युवक बीना रिफाइनरी के पास स्थित एक होटल में आयोजित विवाह कार्यक्रम से वापस अपने घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में हड़कल खाती गांव के पास एक मोड़ पर कार की गति अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण खोने के बाद कार सड़क किनारे पलट गई और उसमें बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक सैफ की अगले माह होनी थी शादी
हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान भीम वार्ड निवासी सैफ खान (30) और यश अहिरवार (27) के रूप में की गई है। वहीं, कार में सवार अन्य चार युवक प्रियांश, श्रेयांश, अमन और विशाल घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घायल युवक भोपाल के रहने वाले हैं।
मृतकों-घायलों के परिवारों में गहरा शोक
इस दुर्घटना से मृतकों के परिवारों में गहरा शोक छा गया है। खासतौर पर सैफ खान के परिवार के लिए यह घटना बेहद दुखद है, क्योंकि उनकी शादी अगले महीने 10 अप्रैल को तय थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।









