Logo
सागर के अंजना हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला। MP पुलिस की थ्योरी नकारते हुए मामले की जांच CBI को सौंपी।

Anjana Murder Case Sagar : मध्यप्रदेश। अंजना हत्याकांड मामले में अब सीबीआई द्वारा जांच की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को MP पुलिस की थ्योरी नकारते हुए मामले की जांच सीबीआई को सौंपी। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस एनके सिंह की बेंच ने मामले की सुनवाई के बाद यह आदेश दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद पूर्व गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पूरे मध्यप्रदेश में सागर के बरोदिया नौनागिर के अंजना हत्याकांड की चर्चा थी। पीड़ित परिवार ने शुरुआत से ही आरोप लगाया है कि, आरोपियों को पूर्व गृह मंत्री और कुछ रसूखदारों का संरक्षण प्राप्त है। पीड़ितों ने पुलिस की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए थे।

छेड़छाड़ से शुरू हुआ था मामला
जानकारी के अनुसार मामले की शुरुआत, 2019 में तब हुई जब अंजना नाम की लड़की के साथ छेड़छाड़ की गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि, आरोपियों को पूर्व मंत्री का संरक्षण प्राप्त है। इसी कारण पुलिस ने केस दर्ज तो किया लेकिन उचित धाराएं नहीं लगाईं। इसके बाद गवाहों को डराने-धमकाने और हत्या का सिलसिला शुरू हुआ।

एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या
अंजना के परिवार के अनुसार, आरोपियों द्वारा केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। जब केस वापस नहीं लिया गया तो अंजना के भाई नितिन की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। नितिन ही हत्या के मामले में गवाह बने उसी के चाचा राजेंद्र की भी हत्या हो गई। इस मामले ने सबका ध्यान तब अपनी ओर खींचा जब अंजना की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार चाचा के शव को एम्बुलेंस से ले जा रही अंजना गाड़ी से गिर कर मर गई लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट कुछ और ही कहानी बयां कर रही थी। अंजना के शरीर पर 14 गंभीर चोट थी और सिर पर फ्रैक्चर था। इसी के कारण पुलिस की थ्योरी को अदालत ने नकार दिया।

सुप्रीम कोर्ट में अंजना की मां ने याचिका दायर कर सीबीआई जांच की मांग की थी। अदालत के आदेश के बाद अब सीबीआई मामले की जांच करेगी और पुलिस से अब तक के रिकॉर्ड लेगी। मामले से जुड़े रसूखदार लोगों से भी पूछताछ हो सकती है।

5379487