Logo
दिल्ली के द्वारका में तीन फरवरी को स्टंटबाज स्कॉर्पियो चालक ने बाइक सवार साहिल को टक्कर मारी थी, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई थी। वहीं, एक कैब चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ था।

दिल्ली के द्वारका इलाके में 3 फरवरी को हुए सड़क हादसे में आरोपी को जमानत मिल गई है। मृतक साहिल धनेशरा की मां इन्ना ने कहा कि होली हत्याकांड के मामले में सभी लोग उत्तम नगर आ गए। मैं उनके घर के पास रहती हूं, लेकिन किसी के पास मुझसे मिलने का समय नहीं है। यही नहीं, उन्होंने आरोपी के पिता पर गंभीर आरोप लगाते हुए अदालत के फैसले पर भी सवाल उठाए।

मीडिया से बातचीत में इन्ना ने कहा कि आज हमारे मामले की सुनवाई नहीं हुई। आगे भी सुनवाई नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आरोपी को जमानत मिल गई है। एक हत्यारे को सड़क पर खुला छोड़ दिया गया है। उसे दूसरों को मारने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने उत्तम नगर हत्याकांड पर लोगों के गुस्से का जिक्र करते हुए कहा कि मुझसे मिलने कोई नहीं आया। मेरा समर्थन करने वाले लोगों को धमकियां मिल रही है कि अगर नौकरी बचानी है तो वे मुझे और बढ़ावा न दें। इन्ना ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनो में प्रशासन के जरिये पता चला है कि आरोपी का पिता कहां तक पहुंच गया है। उन्होंने आरोपी की जमानत पर सवाल उठाते हुए कहा कि जज ने आसान रास्ता चुन लिया। वे नाबालिग होने की आड़ में अपराध होने दे रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि उस व्यक्ति को तो सड़क पर होना ही नहीं चाहिए। कानून के अनुसार उसे यह अधिकार नहीं है। वह तेज गति से गाड़ी चला रहा था और उसके पास लाइसेंस भी नहीं था। इतने सारे तथ्य धारा के सामने टिक नहीं पाए। सुनिये साहिल धनेशरा की मां इन्ना का पूरा बयान 

बता दें कि 23 वर्षीय साहिल धनेशरा तीन फरवरी को अपने ऑफिस जा रहा था। इस दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियों ने उनकी बाइक पर टक्कर मार दी। जांच में पता चला कि हादसे के वक्त स्कॉर्पियो चालक अपनी बहन के साथ स्टंट करता हुआ रील बना रहा था। इस हादसे में साहिल की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक कैब ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हुआ था। 

हादसे के बाद आरोपी ने मौके से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद भी वह लोगों पर भड़कने लगा। साहिल की मां इन्ना ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और बतौर बालिग केस चलाने की मांग की। दिल्ली पुलिस भी शुरुआत में उसे बतौर की तरह केस चलाना चाहती थी, लिहाजा एफआईआर में उसकी उम्र 17 साल लिखी गई थी। इन्ना के मुताबिक, अब आरोपी को नाबालिग बताकर जमानत दे दी गई है। उन्होंने इसके लिए जज के फैसले पर गंभीर आपत्ति जताई है।

5379487