Logo
सिंगरौली के माड़ा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद पिता ने 1 साल के बेटे को लाठी से मार दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम की मौत।

Singrauli News: मध्यप्रदेश। एमपी के सिंगरौली से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, जिले के माड़ा थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपने बेटे की लाठी मारकर हत्या कर दी। बच्चा मात्र एक साल का था। आरोपी का उसकी पत्नी से विवाद हुआ था इसी कारण उसने बच्चे पर लाठी से वार किया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किए गए बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई।

इलाज के दौरान मौत
आरोपी की पहचान रामशंकर सिंह गोंड के रूप में हुई है। एक दिन उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ तो उसने लाठी उठाकर पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक साल का बच्चा बीच में आ गया और उसे भी चोट लग गई। गंभीर हालत में परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

हत्या का मामला दर्ज
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे ढूंढा और गिरफ्तार किया। बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने परिजनों के बयान भी लिए। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 

मां का रो-रो कर बुरा हाल
बच्चे का नाम रियांस गोंड था। उसकी मौत के बाद मां का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद ही जांच शुरू कर दी थी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी समेत उनकी पूरी टीम शामिल थी।

5379487