भोपाल। प्रदेश की राजधानी आज एक बड़े सामाजिक आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। अक्षय तृतीया के अवसर पर आज सोमवार 20 अप्रैल को नारी सम्मेलन का आयोजन किया गया है। 10 बजे से 2.20 बजे तक होने वाले नारी सम्मेलन में प्रदेशभर से 20 हजार से अधिक महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है। इस बड़े आयोजन के लिए प्रशासन और आयोजकों ने व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके और लोगों को कोई परेशानी नहीं हो।
पुलिस ने तैयार किया विशेष प्लान
जानकारी के अनुसार, इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए अलग-अलग जिलों से लगभग 350 बसें और करीब 2500 निजी कारें एमवीएम मैदान पहुंचेंगी। इतनी बड़ी संख्या में वाहनों के शहर में प्रवेश को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष प्लान तैयार किया है। पुलिस ने अलग अलग जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग तय की है। पुलिस के अनुसार ज्यादातर बसें और कारें लाल परेड ग्राउन्ड में पार्क की जाएंगी। इसके बाद सम्मेलन में भाग लेने वाले लोग कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।
इन मार्गों से होकर जाएंगे वाहन
पुलिस ने बताया कि रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन बोर्ड ऑफिस, डीबी मालस सुभाष ओवर ब्रिज होकर जाएंगे। जवाहरचौक से आवागमन के लिए लिंक रोड नंबर-2 होते हुए जाना होगा। पुराने शहर से भारत टाकीज, पुल बोगदा, जिंसी कोर्ट चौराहा मार्ग का प्रयोग किया जाएगा। वीआईपी रोड से नए शहर आने के लिए स्मार्ट रोड, भारत माता चौराहा, लिंक रोड-2 का उपयोग करें। वीआईपी रोड और उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों को जाम की समस्या से बचाया जा सके।
ऐसी होगी पार्किंग की व्यवस्था
पुलिस की पार्कि्ंग व्यवस्था के अनुरूप सीहोर से आने वाले वाहन रवींद्र भवन, राजगढ़ की ओर से आने वाले वाहन एमएलए रेस्टहाउस में खड़े होंगे। मीडिया वाहन पुलिस कमिश्नर आफिस में पार्क किए जाएंगे। कारों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। सम्मेलन स्थल के आसपास सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ाई गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।










