haribhoomi hindi news
भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए तीसरा फुट ओवर ब्रिज बनाने की योजना तैयार की गई है। करीब 7 करोड़ की लागत से बनने वाला यह पुल प्लेटफॉर्म 1 से 6 तक जोड़ेगा और त्योहारों के दौरान यात्रियों को राहत देगा।

भोपाल। भोपाल रेलवे स्टेशन पर लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने एक अहम फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा और बेहतर भीड़ प्रबंधन के लिए यहां एक नया यानी तीसरा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने का निर्णय लिया है। इस पर करीब 7 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। इसे स्टेशन के बीना छोर की ओर विकसित किया जाएगा। इस कदम से स्टेशन पर आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।

भोपाल प्रदेश का व्यस्त रेलवे स्टेशन 
भोपाल रेलवे स्टेशन प्रदेश का एक प्रमुख और अत्यन्त व्यस्त स्टेशन है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं। यहां दो फुट ओवर ब्रिज पहले से मौजूद हैं, लेकिन बढ़ती भीड़ के चलते ये दोनों ब्रिज कई बार पर्याप्त साबित नहीं होते। खासकर व्यस्त समय और त्योहारों के दौरान यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में काफी परेशानी होती है। इस समस्या को दूर करने के लिए नए ब्रिज के निर्माण की योजना बनाई है।

आरपीएफ थाने के पास बनेगा नया एफओबी
नया फुट ओवर ब्रिज प्लेटफॉर्म नंबर 1 से शुरू होकर प्लेटफॉर्म नंबर 6 तक जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को स्टेशन के एक छोर से दूसरे छोर तक जाने में आसानी होगी। इसे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) थाने के पास बनाया जाएगा और इसकी चौड़ाई लगभग 6 मीटर रखी जाएगी, ताकि अधिक संख्या में लोग एक साथ आसानी से आवाजाही कर सकें। यह ब्रिज विशेष रूप से बीना और इटारसी दिशा से आने वाले यात्रियों के लिए भी फायदेमंद रहेगा।

त्यौहारों पर बढ़ जाती है स्टेशन पर भीड़
आंकड़ों के अनुसार, सामान्य दिनों में भोपाल स्टेशन पर करीब 50 से 65 हजार यात्री रोजाना आते-जाते हैं। लेकिन जब बड़े त्योहार या आयोजन होते हैं, जैसे रक्षाबंधन, दीपावली, दशहरा या इज्तिमा, तब यह संख्या तेजी से बढ़कर 80 हजार से लेकर करीब सवा लाख तक पहुंच जाती है। इतनी बड़ी भीड़ को संभालना मौजूदा संसाधनों के साथ चुनौतीपूर्ण हो जाता है। यही वजह है स्टेशन पर एक और फुट ओवर ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। 

सिंहस्थ-28 में बढ़ जाएगा भीड़ का दबाव
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अगले दिनों में सिंहस्थ का भी आयोजन होने वाला है। सिंहस्थ के दौरान भीड़ का दबाव बहुत बढ़ जाएगा। आने वाले समय में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों को भी ध्यान में रखते हुए इस ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ के दौरान यह पुल यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके अलावा कुबेरेश्वर धाम में शिवरात्रि जैसे आयोजनों के समय भी इसका उपयोग किया जा सकेगा।

एफओबी बनने से बेहतर होगा यात्रा अनुभव 
भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि यात्रियों की संख्या और भीड़ के पैटर्न का अध्ययन करने के बाद ही नया फुट ओवर ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। स्टेशन के बड़े पुनर्विकास कार्य शुरू होने से पहले इस ब्रिज का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। यह नया फुट ओवर ब्रिज न सिर्फ यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे लोगों को समय पर ट्रेन पकड़ने में आसानी होगी और स्टेशन पर उनकी यात्रा के अनुभव को भी पहले से बेहतर बनाया जा सकेगा।

7