हिसार पुलिस में खलबली: पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का काफिला रोकने के मामले में चर्चा में आए हिसार सीआईए इंचार्ज पवन कुमार एक बार फिर विवादों में हैं। फतेहाबाद के बाद अब हिसार के उकलाना क्षेत्र के गांव बुड्ढाखेड़ा की एक महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इंस्पेक्टर पवन कुमार पर प्रताड़ना, हत्या और उगाही जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
वायरल वीडियो में महिला ने कहा - मेरी जान को खतरा'
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला काफी भावुक और डरी हुई नजर आ रही है। महिला ने सीधे तौर पर इंस्पेक्टर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह नहीं चाहती कि कोई और इस अत्याचार का शिकार बने। महिला ने आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर की वजह से ही आज 'हरपाल' नाम के व्यक्ति का बच्चा अनाथ है, क्योंकि इंस्पेक्टर ने ही उसकी हत्या की थी। महिला ने अंदेशा जताया कि यह वीडियो बनाने के बाद उनकी और उनके बच्चों की जान को खतरा हो सकता है।
RTI के जरिए जुटाए पुख्ता सबूत
महिला ने वीडियो में सनसनीखेज दावा किया है कि इंस्पेक्टर पवन कुमार ने उनके पति रमेश कुमार को जेल के अंदर जाकर धमकी दी थी। महिला के अनुसार, "पवन ने रमेश से कहा था कि मुकदमा वापस ले लो, वरना तुम्हारी बीवी और बच्चों को भी झूठे केस में अंदर कर दूंगा।" महिला का दावा है कि उनके पास RTI के जरिए जुटाए गए पुख्ता सबूत हैं कि इंस्पेक्टर बिना किसी आधिकारिक रिकॉर्ड के जेल में उनके पति को धमकाने पहुंचा था।
3 साल से न्याय का इंतजार
पीड़ित महिला ने बताया कि वह पिछले तीन सालों से न्याय के लिए कोर्ट की चौखट पर चक्कर काट रही है। उनके पास सभी मेडिकल रिकॉर्ड और दस्तावेजी सबूत मौजूद हैं। महिला ने मांग की है कि इंस्पेक्टर पवन कुमार ने कथित तौर पर जो अवैध संपत्ति बनाई है, उसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और उसे तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए।
इंस्पेक्टर पवन कुमार ने रखा पक्ष
इन गंभीर आरोपों पर जब इंस्पेक्टर पवन कुमार से बात की गई, तो उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना है कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं और इनमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।










