रायपुर। सीएम विष्णु देव साय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए प्रयुक्त अपमानजनक शब्दों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि खड़गे द्वारा की गई टिप्पणी न केवल स्तरहीन, अपमानजनक, अमर्यादित और अशिष्ट है, बल्कि यह देश के उन करोड़ों नागरिकों का भी सीधा अपमान है, जो प्रधानमंत्री श्री मोदी को अपना आदर्श मानते हैं।
पीएम मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग निंदनीय
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग निंदनीय है और यह स्वस्थ राजनीतिक संवाद की मर्यादाओं को ठेस पहुंचाता है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की गरिमा पर गहरा आघात बताते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में इस तरह के बयान लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत हैं और इनकी जितनी भर्त्सना की जाए, वह कम है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लिए प्रयुक्त शब्द स्तरहीन, अपमानजनक, अमर्यादित और अशिष्ट हैं। यह देश के उन करोड़ों लोगों का भी सीधा अपमान है, जिनके लिए प्रधानमंत्री जी आदर्श हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी यह गहरे आघात की… https://t.co/XokuyIV1EQ
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) April 21, 2026
मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सार्वजनिक रूप से मांगे माफी
उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस पार्टी की यह बौखलाहट उसके राजनीतिक पतन का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस पार्टी से मांग की है कि वे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा देश की जनता से बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
खड़गे का बयान कांग्रेस की सोच और उसके पतन को दर्शाती है
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह बयान कांग्रेस की सोच और उसके पतन को दर्शाती है, जहाँ मुद्दों की जगह व्यक्तिगत आक्षेप और अमर्यादित भाषा ने ले ली है। लोकतंत्र में ऐसी मानसिकता न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि जनभावनाओं का अपमान भी है- कांग्रेस को तुरंत आत्ममंथन करते हुए बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)










