haribhoomi hindi news
फरीदाबाद में शहर के कुख्यात 'बंदर-भालू' गैंग के खिलाफ पुलिस ने 3 गुर्गों को गिरफ्तार कर सिर मुंडवाया और उसी इलाके में पैदल परेड निकाली, इसका उद्देश्य आम जनता के मन से बदमाशों का खौफ खत्म करना है। 

Faridabad 'Monkey-Bear' Gang: हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस ने अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए 'योगी स्टाइल' में कड़ी कार्रवाई की है। शहर के कुख्यात 'बंदर-भालू' गैंग के तीन गुर्गों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उनका सिर मुंडवाया और उसी इलाके में पैदल परेड निकाली जहाँ उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। इस कार्रवाई का उद्देश्य आम जनता के मन से बदमाशों का खौफ खत्म करना और अपराधियों में कानून का डर पैदा करना है।

बदमाशों ने युवक पर किया था जानलेवा हमला 
यह मामला 17 अप्रैल का है, जब बल्लभगढ़ की भुद्दत कॉलोनी के रहने वाले प्रवीण नामक युवक पर 4-5 बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। आरोपियों ने बेखौफ होकर प्रवीण पर हथौड़ों और डंडों से वार किए, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

'बंदर-भालू' गैंग का हाथ पुलिस जांच में हुआ खुलासा 
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह हमला पुरानी जमीन की रंजिश के चलते किया गया था। इस हमले के पीछे 'बंदर-भालू' गैंग का हाथ था, जिसका नेतृत्व मुख्य आरोपी विजेंद्र उर्फ बंदर और बलराज उर्फ भालू कर रहे थे। इनके साथ हर्ष, सेबिन और आर्यन भी इस वारदात में शामिल थे।

मुख्य आरोपी पर 20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज 
सिटी थाना प्रभारी शमशेर सिंह के अनुसार, गैंग के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं। इनके खिलाफ अलग-अलग थानों में 20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

लोगों ने देखा पुलिस का 'सख्त' चेहरा
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का सिर मुंडवाया और उन्हें घटनास्थल की निशानदेही के लिए भुद्दत कॉलोनी ले गई। भारी पुलिस बल के बीच बदमाशों की पैदल परेड निकाली गई। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को यह संदेश देना जरूरी है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

रियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7