haribhoomi hindi news
उज्जैन के भैरवगढ़ इलाके में उधार के 60 हजार रुपये मांगने पर 44 वर्षीय राम कुमावत की लोहे के पाइप से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया है।

उज्जैन। स्थानीय भैरवगढ़ इलाके में उधार दिए गए पैसे वापस मांगने पर 44 वर्षीय राम कुमावत की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। राम कुमावत शहर के एक शोरूम में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे और अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके भाई बंटी कुमावत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, राम ने अपने घर में काम करने वाली महिला के पति रामेश्वर मालवीय को लगभग 60 हजार रुपए उधार दिए थे।

पैसे मांगे तो विवाद शुरु हो गया
रविवार सुबह करीब 10 बजे राम कुमावत अपने पैसे वापस लेने के लिए रामेश्वर के घर पहुंचे। वहीं किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि रामेश्वर, उसकी पत्नी और उनके बेटे ने मिलकर राम को पकड़ लिया और उस पर हमला कर दिया। रामेश्वर ने लोहे के पाइप से राम के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। 

परिजनों के पहुंचने पर भाग गए आरोपी
घटना के कुछ समय बाद राम की मां को फोन पर सूचना दी गई कि उनके बेटे के साथ मारपीट हुई है। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो राम कुमावत घर के बाहर खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनकी हालत बेहद गंभीर थी और वे अचेत अवस्था में थे। परिवार को देखते ही आरोपी वहां से फरार हो गए। बाद में राम की मौत हो गई।

पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि मारपीट के दौरान ही उनकी जान गई। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी रामेश्वर मालवीय और दुर्गेश मालवीय की तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।  

7