haribhoomi hindi news
भोपाल के छोला मंदिर में तेज रफ्तार CNG टैंकर घर में घुसा। हादसे में 7 साल की बच्ची की मौत, माता-पिता और भाई गंभीर घायल।

भोपाल के छोला मंदिर इलाके में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि, एक तेज रफ्तार सीएनजी टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर दीवार तोड़ते हुए एक घर में जा घुसा। उस समय परिवार गहरी नींद में था। हादसे में 7 साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची के माता-पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हैं।

रिहायशी बस्ती में घुस गया टैंकर
घटना रात करीब 2:20 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, टैंकर तेज रफ्तार में था इसी के कारण अनियंत्रित हो गया और सीधे रिहायशी बस्ती में घुस गया। टैंकर की चपेट में आने से दो अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।

टैंकर के पहिए के नीचे दबी रही बच्ची
लोगों ने बताया कि, हादसे के बाद बच्ची करीब एक घंटे तक टैंकर के पहिए के नीचे दबी रही। सूचना मिलते ही छोला मंदिर और निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस टीम की मौजूदगी में बच्ची को बाहर निकाला गया।

हादसे में घायल हुए बच्ची के पिता मोनू गेहार, मां मनीषा गेहार और भाई आरुष को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का इलाज भानपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। जबकि कुछ घायलों को एंबुलेंस के जरिए पीपुल्स अस्पताल भी भेजा गया। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।

आरोपी चालक फरार
पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। साथ ही वाहन की तकनीकी जांच भी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे के पीछे कोई तकनीकी खराबी तो नहीं थी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया है और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

एसीपी अक्षय चौधरी ने बताया कि हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हुई है और परिवार के अन्य सदस्य घायल हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर शहर में रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की लापरवाही और अनियंत्रित आवाजाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

7