Logo
हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी, जनप्रतिनिधि एवं अतिथियों से विभिन्न मुद्दों पर संवाद स्थापित करेंगे।

बलौदा बाजार। बलौदा बाजार जिले के विकास, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा के उद्देश्य से हरिभूमि–आईएनएच द्वारा जिला संवाद 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 21 मार्च, शनिवार को सुबह 11 बजे से बलौदा बाजार के ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इस विशेष कार्यक्रम में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में हुए विकास कार्यों, लागू योजनाओं और आम जनता से जुड़ी समस्याओं पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। कार्यक्रम में हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों से सीधे संवाद करेंगे तथा जिले की वर्तमान स्थिति और भविष्य की दिशा पर चर्चा करेंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राजस्व खेल एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य रूप से शामिल होंगे। इसके साथ ही राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा,  जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष आनंद यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा ध्रुतलहरे, नगर पालिका भाटापारा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, नगर पालिका परिषद बलौदा बाजार अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा तथा कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। वहीं प्रशासनिक स्तर पर जिले की स्थिति और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता और डीएफओ गणवीर धम्मशील भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। 

इस संवाद कार्यक्रम में जिले के व्यापार, चिकित्सा, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी आमंत्रित किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और सुझावों को मंच पर साझा करेंगे। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के परिप्रेक्ष्य में जिले में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। साथ ही जिले में मौजूद प्रमुख समस्याओं को भी सामने लाकर उनके समाधान के लिए ठोस सुझावों पर विचार किया जाएगा।  जिला संवाद 2026 के माध्यम से हरिभूमि–आईएनएच का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि जिले के विकास को लेकर सकारात्मक पहल और ठोस दिशा तय की जा सके।

7