कुश अगवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ विधानसभा में मंगलवार को वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट में बलौदा बाजार जिले के लिए विकास की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। इन घोषणाओं से जिले के शहरी और वनांचल क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
सड़क और आधारभूत संरचना को मजबूती
बजट में कसडोल से बागबाहरा होते हुए गरियाबंद को जोड़ने वाली सड़क को मंजूरी दी गई है। यह सड़क वनांचल क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगी और आवागमन को सुगम बनाएगी।
बलौदा बाजार-भाटापारा मार्ग का होगा चौड़ीकरण
इसके अलावा बलौदा बाजार-भाटापारा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे यातायात सुचारू होगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
सिंचाई परियोजनाओं को बढ़ावा
किसानों को राहत देने के उद्देश्य से मोहमेला सिरपुर बैराज के निर्माण हेतु 600 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। इस बैराज के बनने से आसपास के क्षेत्रों में सिंचाई सुविधा मजबूत होगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
शिक्षा क्षेत्र में बड़ी घोषणाएं
बलौदा बाजार में बीएड कॉलेज की मंजूरी प्रदान की गई है। दाउ कल्याण सिंह महाविद्यालय को सेंटर फॉर एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ विभिन्न विषयों की पढ़ाई संभव होगी। इससे ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। मिनी माता महाविद्यालय को स्नातकोत्तर महाविद्यालय का दर्जा दिया गया है। भाटापारा में 4 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नालंदा परिसर (लाइब्रेरी) की स्थापना की जाएगी।
सामाजिक और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार
बलौदा बाजार में सियान गुड्डी का निर्माण किया जाएगा, जहां बुजुर्गों के लिए समय बिताने और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र विकसित होगा। बलौदा बाजार आरटीओ कार्यालय को ट्रैक योजना के अंतर्गत स्मार्ट बनाया जाएगा, जिससे रायपुर पर निर्भरता कम होगी और स्थानीय स्तर पर बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। नगर पालिका और नगर पंचायतों को नगर आदर्श समृद्धि योजना के तहत 200 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जिससे शहरी विकास कार्यों को गति मिलेगी।
विकास को मिलेगी नई दिशा
बजट 2026 में की गई इन घोषणाओं से बलौदा बाजार जिले में सड़क, सिंचाई, शिक्षा और सामाजिक ढांचे को मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से किसानों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना है। जिले के समग्र विकास की दिशा में यह बजट एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा







