haribhoomi hindi news
बिहार के अररिया में खौफनाक वारदात। ठेला हटाने के विवाद में दुकानदार ने ड्राइवर का सिर धड़ से अलग किया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की पीट-पीटकर जान ले ली। जानें पूरी घटना।

Araria Crime News: बिहार के अररिया जिले से रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है। फारबिसगंज थाना क्षेत्र के बाजार समिति गेट के पास ठेला लगाने के मामूली विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि दो लोगों की जान चली गई। एक ठेला दुकानदार ने पहले पिकअप ड्राइवर की बेरहमी से हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया, जिसके बाद उग्र भीड़ ने आरोपी दुकानदार की मॉब लिंचिंग कर दी।

सिर काटकर हाथ में लेकर घूमने लगा आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फारबिसगंज का राहुल चौहान बाजार समिति के गेट पर सत्तू और अनानास बेचता था। गुरुवार सुबह अमौना निवासी नबी हुसैन अपनी पिकअप गाड़ी लेकर वहां पहुंचा। गाड़ी हटाने को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते राहुल ने धारदार चाकू से नबी हुसैन के पेट पर वार किया और फिर सरेआम उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इस क्रूरता को देख इलाके में अफरातफरी मच गई।

पुलिस कस्टडी से छीनकर की मॉब लिंचिंग
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राहुल चौहान झाड़ियों में छिप गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे पकड़ लिया और सुरक्षित ले जाने की कोशिश करने लगी। तभी आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर धावा बोल दिया और आरोपी राहुल को कस्टडी से बाहर खींच लिया। भीड़ ने पुलिस के सामने ही राहुल की इतनी बुरी तरह पिटाई की कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
एक ही जगह पर दो हत्याओं के बाद पूरे फारबिसगंज में सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना से नाराज लोगों ने अवैध ऑटो स्टैंड और पुलिस की देरी से पहुंचने का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अभय कुमार तिवारी और एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

मॉब लिंचिंग करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्राइवर की हत्या करने वाला आरोपी भीड़ के हाथों मारा गया है, लेकिन कानून को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस उन लोगों की पहचान कर रही है जिन्होंने आरोपी की पीट-पीटकर हत्या की है।

बाजार समिति परिसर में दहशत का माहौल
बाजार समिति के पास हुई इस डबल मर्डर की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर पहुंचती तो शायद दूसरी मौत को टाला जा सकता था। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और आला अधिकारी स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए हैं।

7