Greater Noida Police Encounter: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इलाके में पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले 4 बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के वक्त 2 बदमाशों को पैर में गोली लग गई, जिसकी वजह से वह घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तुरंत उनके 2 अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला सूरजपुर में मोजर बेयर गोलचक्कर का बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 32 साल के मुकेश उर्फ मुक्के, 29 वर्षीय आकाश, 40 साल के देवेंद्र शर्मा और 50 वर्षीय सतपाल के तौर पर हुई है।
दरअसल पुलिस नियमित तौर पर मोजर बेयर गोलचक्कर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां पर 2 बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों पर 4 बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने बदमाशों को रुकने का इशारा किया, लेकिन रुकने की बजाय उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे।
पुलिस ने बदमाशों को कैसे पकड़ा ?
पुलिस ने भी बदमाशों का पीछा किया, लेकिन थोड़ी दूर जाकर हड़बड़ाहट में बदमाशों की मोटरसाइकिलें फिसल कर गिर गई। लेकिन बदमाशों ने एक बार फिर स टीम पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों मुकेश और आकाश के पैरों में गोली लग गई और वे वहीं गिर पड़े। इसके अलावा इनके दो अन्य साथी भागने की कोशिश करने लगे जिन्हें पुलिस ने तुरंत मौके पर पकड़ लिया। पुलिस ने घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बंद घरों की करते थे रेकी
सेंट्रल नोएडा की DCP शैव्या गोयल के मुताबिक, पकड़े गए चारों बदमाश बेहद शातिर किस्म के चोर हैं। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चार देसी तमंचे, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और सूरजपुर थाना क्षेत्र से चुराया गया सामान भी बरामद कर लिया है। पुलिस पूछताछ में पता लगा है कि गैंग बंद पड़े घरों की रेकी करके वहां चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इन बदमाशों के खिलाफ पहले से ही कई थानों में केस दर्ज हैं।










