Nitish Kumar Rajya Sabha oath: बिहार की सियासत के लिए अगला एक सप्ताह बेहद निर्णायक होने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार, 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। इसके साथ ही बिहार में सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। नीतीश कुमार आज दिल्ली के लिए रवाना होंगे और शपथ ग्रहण के बाद वापस पटना लौटेंगे।
14 अप्रैल को दे सकते हैं इस्तीफा
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इससे पहले 13 अप्रैल को बिहार कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें उनके उत्तराधिकारी के नाम पर चर्चा होने की संभावना है। इस्तीफे के दिन ही एनडीए (NDA) विधायक दल और सभी सहयोगी दलों की बैठक भी हो सकती है, जिसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा।
गांधी मैदान में होगा नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह
बिहार के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को होने की उम्मीद है। इसके लिए पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तैयारियां की जा सकती हैं। हालांकि अभी तक अगले मुख्यमंत्री के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में कई नामों को लेकर चर्चाएं गर्म हैं।
क्या बेटे निशांत कुमार की होगी एंट्री?
इस पूरे सत्ता परिवर्तन के बीच सबसे बड़ी चर्चा नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर है। पिछले महीने ही जेडीयू (JD-U) में शामिल हुए निशांत कुमार को नई सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें राज्य का नया उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो यह बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ होगा।
नीतीश कुमार की नई भूमिका
नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना इस बात का संकेत है कि अब वे राष्ट्रीय राजनीति में अधिक सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बिहार में उनके लंबे कार्यकाल के बाद अब कमान किसके हाथ में होगी, इसको लेकर सस्पेंस बना हुआ है। 15 अप्रैल को होने वाला शपथ ग्रहण समारोह बिहार की भावी राजनीति की दिशा तय करेगा।










