haribhoomi hindi news
बिहार के मुजफ्फरपुर में 10 साल की बच्ची के साथ हैवानियत। मां की सहेली ने धोखे से बुलाकर तीन दरिंदों के हवाले किया। नशे की गोलियां खिलाकर घर छोड़ा। तीन महिलाएं गिरफ्तार।

Muzaffarpur Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में एक 10 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। रामबाग इलाके में मां की सहेली ने ही साजिश रचकर बच्ची को तीन हैवानों के हवाले कर दिया। दरिंदों ने न केवल मासूम के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, बल्कि दर्द से तड़पने पर उसे नशे की गोलियां खिलाकर चुप कराने की कोशिश की। बच्ची की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

मां की सहेली ने रची खौफनाक साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य साजिशकर्ता पीड़िता की मां की परिचित महिला थी। उसने पहले परिवार से दोस्ती की और फिर बच्ची को बहला-फुसलाकर रामबाग स्थित एक किराए के कमरे में ले गई। वहां उसने बच्ची को एक नशेड़ी मोटर मैकेनिक के हवाले कर दिया। उस दरिंदे ने अपने दो अन्य दोस्तों को भी मौके पर बुला लिया और तीनों ने बारी-बारी से मासूम की अस्मत तार-तार कर दी।

खून बहता देख मां के उड़े होश
हैवानियत के बाद जब बच्ची दर्द से चिल्लाने लगी और उसे ब्लीडिंग होने लगी, तो आरोपी महिला ने उसे दवा के नाम पर नशे की गोली खिला दी। बेहोशी की हालत में उसे घर पहुंचा दिया गया। जब बच्ची की मां ने उसके प्राइवेट पार्ट से खून बहता देखा, तो उनके होश उड़ गए। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। फिलहाल बच्ची का इलाज एसकेएमसीएच (SKMCH) में पुलिस सुरक्षा के बीच चल रहा है।

कमरे से मिले खून से सने कपड़े, 3 महिलाएं गिरफ्तार
सूचना मिलते ही सिटी एसपी और टाउन डीएसपी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें बच्ची को ले जाने वाली सहेली, कमरा किराए पर दिलाने वाली और एक अन्य किराएदार महिला शामिल है। बताया जा रहा है कि ये महिलाएं देह व्यापार के धंधे से जुड़ी हो सकती हैं। जिस कमरे में वारदात हुई, वहां से पुलिस को खून से सने कपड़े और कई संदिग्ध सामान मिले हैं।

फरार दरिंदों की तलाश में छापेमारी
जिस मकान में यह घिनौनी वारदात हुई, वह एक प्रोफेसर का बताया जा रहा है। पुलिस ने उस कमरे को सील कर दिया है और एफएसएल (FSL) की टीम ने वहां से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। मुख्य आरोपी मोटर मैकेनिक और उसके दो साथी फिलहाल फरार हैं। नगर एएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि पीड़ित बच्ची के पिता का बयान दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

7