haribhoomi hindi news
कुरुक्षेत्र में आयोजित किया गया महात्मा ज्योतिबा फुले का राज्य स्तरीय जयंती समारोह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समाज सुधारक फुले के चरणों में नमन कर उनके समानता और न्याय के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले को श्रद्धापूर्वक नमन कर उनके जीवन और संघर्षों को याद किया। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि उनकी सरकार ज्योतिबा फुले के दिखाए समानता और न्याय के मार्ग पर चलने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 

सामाजिक परिवर्तन के अग्रदूत थे महात्मा ज्योतिबा फुले : मुख्यमंत्री
जनसभा को संबोधित कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने अपने प्रगतिशील विचारों, निरंतर संघर्षों और कर्मठता से भारत के सामाजिक इतिहास को एक नई और गौरवशाली दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह राज्य स्तरीय समारोह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरण, शिक्षा और समानता के संकल्प को फिर से जीवित करने का एक पवित्र अवसर है। 

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी घोषणाएं 
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए 'महात्मा ज्योतिबा फुले ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस' की आधारशिला रखी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस संस्थान से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी न केवल अपने करियर में सफल होंगे, बल्कि देश के जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान देंगे। 
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा कर 'सावित्रीबाई ज्योतिबा फुले कॉलेज ऑफ नर्सिंग' को जल्द ही शुरू करने का आश्वासन दिया। उन्होंने सैनी समाज सभा, कुरुक्षेत्र के कार्यों की सराहना करते हुए संस्थान के विकास के लिए अपने ऐच्छिक कोटे से 51 लाख रुपये देने का ऐलान भी किया। 

सैनी समाज की सेवा भावना और सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने सैनी समाज के योगदान की प्रशंसा कर कहा कि इस समाज ने हमेशा मेहनत, ईमानदारी और निस्वार्थ सेवा को ही अपना धर्म माना है। उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्रीबाई फुले को समाज की अनमोल धरोहर बताया। 
सरकार की कार्यप्रणाली पर चर्चा करते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी योजनाओं का एकमात्र उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। हम एक ऐसे समाज का निर्माण कर रहे हैं जो न्याय, भाईचारे और समानता के स्तंभों पर टिका हो। 

सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध एकजुट होने का आह्वान
समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे शिक्षा को बढ़ावा देने और समाज में व्याप्त कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना ही महात्मा ज्योतिबा फुले को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर सैनी शिक्षा समिति द्वारा समाज उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की भी विशेष रूप से सराहना की गई। 

(हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। ) 

7