haribhoomi hindi news
बिहार विधान परिषद की एक सीट पर उपचुनाव का ऐलान हो गया है। भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय सीट पर 12 मई को वोटिंग होगी। जानें नामांकन से लेकर रिजल्ट तक का पूरा शेड्यूल।

Bhojpur Buxar MLC Byelection 2026: भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की रिक्त सीट पर उपचुनाव का बिगुल फूंक दिया है। आयोग ने गुरुवार को भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र के लिए चुनावी कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इस महत्वपूर्ण सीट पर कब्जा जमाने के लिए अब 12 मई को मतदान होगा, जबकि 14 मई को चुनावी नतीजे सामने आएंगे।

क्यों खाली हुई यह सीट?
यह विधान परिषद सीट राधा चरण साह के इस्तीफा देने के बाद से खाली हुई है। दरअसल, साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में राधा चरण साह विधायक निर्वाचित हो गए थे। उन्होंने संदेश विधानसभा सीट से जीत हासिल की, जिसके बाद 16 नवंबर 2025 को यह सीट रिक्त घोषित की गई थी। इस सीट का कार्यकाल 7 अप्रैल 2028 तक निर्धारित था, जिस पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है।

चुनाव का पूरा शेड्यूल
चुनाव आयोग द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, इस उपचुनाव की प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू होगी।

  • 16 अप्रैल: चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी।
  • 23 अप्रैल: नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख।
  • 24 अप्रैल: नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी।
  • 27 अप्रैल: उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।
  • 12 मई: सुबह से शाम तक मतदान होगा।
  • 14 मई: वोटों की गिनती और परिणामों की घोषणा।

लागू हुई चुनावी आचार संहिता
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही भोजपुर और बक्सर जिले में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। आयोग के इस फैसले के बाद अब इन क्षेत्रों में किसी भी नई सरकारी योजना की घोषणा या उद्घाटन पर रोक लग गई है। स्थानीय प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

राधा चरण साह की ऐतिहासिक जीत
बता दें कि इस सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले राधा चरण साह ने 2025 के विधानसभा चुनाव में बेहद रोमांचक जीत दर्ज की थी। जदयू के टिकट पर लड़ते हुए उन्होंने राजद उम्मीदवार दीपू सिंह को मात्र 27 वोटों के अंतर से हराया था। उनकी इस जीत की चर्चा पूरे प्रदेश में हुई थी। अब देखना होगा कि उनकी खाली की गई इस विधान परिषद सीट पर एनडीए अपना कब्जा बरकरार रख पाता है या विपक्ष कोई बड़ा उलटफेर करेगा।

7