IPL 2026 Auction: कब, कहां, कितने खिलाड़ी और किस पर लगेगी बोली? नीलामी से जुड़े हर सवाल का जवाब जानें

आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन से जुड़ी सारी बातें जानें।
IPL 2026 Auction: आईपीएल 2026 की तैयारियां अपने आखिरी दौर में हैं। टीमों ने रिटेंशन पूरे कर लिए हैं। स्काउटिंग और ट्रायल्स खत्म हो चुके हैं। अब बारी है उस दिन की,जिस पर हर फ्रेंचाइजी और फैन की नजर रहती है, वो है ऑक्शन डे। इस साल ऑक्शन मिनी होगा लेकिन रोमांच में कोई कमी नहीं रहने वाली।
आईपीएल 2026 का ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में होगा। यह एक दिन का इवेंट होगा,जिसकी शुरुआत दोपहर 1 बजे लोकल टाइम यानी भारतीय समयानुसार 2:30 बजे से होगी।
कितने स्पॉट खाली हैं?
इस ऑक्शन में कुल 77 स्लॉट भरे जाएंगे,जिनमें 31 विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। सबसे ज्यादा खाली जगहें कोलकाता नाइट राइडर्स के पास हैं- 13 स्लॉट। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के पास 10 जगहें खाली हैं।
कितने खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया?
शुरुआती लिस्ट में 1355 खिलाड़ी थे,जिनमें से 359 को शॉर्टलिस्ट किया गया। इनमें 244 भारतीय और 115 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। 40 खिलाड़ियों ने खुद को 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस में रखा है। इस लिस्ट में भारतीय खिलाड़ियों में सिर्फ वेंकटेश अय्यर और रवि बिश्नोई हैं।
स्क्वॉड साइज क्या रहेगा?
हर टीम में अधिकतम 25 खिलाड़ी हो सकते,जिनमें ज्यादा से ज्यादा 8 विदेशी होंगे। न्यूनतम स्क्वॉड साइज 18 खिलाड़ियों का है।
सबसे महंगे खिलाड़ी कौन हो सकते?
ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन इस ऑक्शन का सबसे बड़ा आकर्षण माने जा रहे। उनकी बोली 25 करोड़ रुपये से ऊपर जा सकती। लियाम लिविंगस्टोन,जेमी स्मिथ और रवि बिश्नोई पर भी तगड़ी बोली लगने की उम्मीद है।
टीमों के पास कितना पैसा?
ट्रेड और रिटेंशन के बाद सबसे बड़ा पर्स कोलकाता नाइट राइडर्स के पास है-64.30 करोड़ रुपये। चेन्नई सुपर किंग्स के पास 43.40 करोड़ रुपये बचे हैं,जो दूसरा सबसे बड़ा पर्स है।
क्या IPL में पहली 30 करोड़ की बोली दिखेगी?
ग्रीन पर जमकर बोली लग सकती है लेकिन 30 करोड़ का आंकड़ा पार होना मुश्किल दिखता है। वैसे भी नियम के मुताबिक कोई भी विदेशी खिलाड़ी मिनी ऑक्शन में 18 करोड़ रुपये से ज्यादा नहीं कमा सकता,चाहे बोली इससे ऊपर क्यों न चली जाए।
अनकैप्ड खिलाड़ी जो चौंका सकते हैं
जम्मू-कश्मीर के ऑलराउंडर आकिब नबी और राजस्थान के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा पर फ्रेंचाइजी की खास नजर है। इसके अलावा प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा और बाएं हाथ के कलाई स्पिनर विग्नेश पुथुर भी सरप्राइज पैकेज हो सकते।
मार्की सेट और बड़े नाम
मिनी ऑक्शन होने की वजह से कोई मार्की सेट नहीं होगा। ऑक्शन की शुरुआत कैप्ड बल्लेबाजों से होगी,जिसमें कैमरन ग्रीन,डेवोन कॉनवे,डेविड मिलर, पृथ्वी शॉ और सरफराज खान शामिल हैं।
कौन से बड़े नाम नहीं होंगे?
ग्लेन मैक्सवेल,फाफ डु प्लेसी और मोईन अली ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। वहीं,आंद्रे रसेल ने IPL से संन्यास लेकर KKR में पावर कोच की भूमिका संभाल ली है।
RTM कार्ड?
मिनी ऑक्शन होने की वजह से इस बार राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।
