BCCI Awards: भारतीय टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को इस साल बीसीसीआई के प्रतिष्ठित नमन अवॉर्ड्स में क्रिकेटर ऑफ द ईयर से सम्मानित किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गिल के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए बोर्ड ने यह बड़ा सम्मान देने का फैसला किया।
रिपोर्ट के अनुसार भारत के पूर्व कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ को इस साल का कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया जाएगा। द्रविड़ भारतीय क्रिकेट के सबसे सम्मानित नामों में से एक रहे हैं और खिलाड़ी से लेकर कोच तक उनकी भूमिका बेहद अहम रही है।
इसके अलावा घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले मुंबई के युवा खिलाड़ी आयुष म्हात्रे को लिमिटेड ओवर क्रिकेट में बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए लाला अमरनाथ अवॉर्ड मिलने की खबर है।
इसी के साथ भारतीय महिला क्रिकेट की दिग्गज कप्तान रहीं मिताली राज को भी लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देने पर विचार किया जा रहा। मिताली राज ने लंबे समय तक भारतीय महिला टीम का नेतृत्व किया और कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कीं।
इस बीच बीसीसीआई ने हाल ही में भारतीय टीम के लिए एक बड़ी इनामी राशि का ऐलान भी किया था। बोर्ड ने मेंस टी20 विश्व कप 2026 जीतने पर टीम इंडिया को 131 करोड़ रुपये का कैश रिवॉर्ड देने की घोषणा की है।
भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। ऐसा करने वाली भारत दुनिया की पहली टीम बन गई जिसने टी20 वर्ल्ड कप का सफलतापूर्वक बचाव किया। इससे पहले 2024 में भी भारत ने ट्रॉफी जीती थी, जब टीम की कप्तानी रोहित शर्मा कर रहे थे और उस समय बीसीसीआई ने 125 करोड़ रुपये का इनाम दिया था।
2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीता। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का रिकॉर्ड स्कोर 253/5 बनाया। इस पारी की नींव संजू सैमसन ने रखी थी, जिन्होंने 89 रन की धमाकेदार पारी खेली थी।
इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने भी कमाल दिखाया। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। बुमराह ने 4/14 का शानदार स्पेल डालकर फाइनल में मैच का रुख पूरी तरह भारत की तरफ मोड़ दिया।
टूर्नामेंट में लगातार शानदार बल्लेबाजी करने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने सिर्फ पांच पारियों में 321 रन बनाए, जबकि फाइनल में शानदार गेंदबाजी के लिए बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।
भारत की यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक रही। टीम इंडिया न सिर्फ टी20 वर्ल्ड कप को सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाली पहली टीम बनी, बल्कि तीसरी बार यह खिताब जीतने वाली भी पहली टीम बन गई।









