haribhoomi hindi news
दिल्ली के नए उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने गोल्डन टैंपल में माथा टेका और नई जिम्मेदारियों के लिए शुकराना अदा किया।

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू आज अमृतसर में गोल्डन टेंपल पहुंचे। यहां उन्होंने माथा टेका और शुकराना अदा किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं दरबार साहिब में प्रार्थना करने और आशीर्वाद लेने आया हूं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही मुझे दिल्ली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मैंने दृढ़ संकल्प के साथ काम करने के लिए आशीर्वाद मांगा। कई चुनौतियां हैं, लेकिन हम उन्हें अवसरों में बदल देंगे।

बता दें कि तरनजीत सिंह संधू ने 11 मार्च 2026 को दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। लोक निवास में आयोजित समारोह में दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने उन्हें शपथ दिलाई। 

वहीं, एलजी विनय सक्सेना को लद्दाख की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बीते शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के चौथे उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली। एलजी विनय सक्सेना और आम आदमी पार्टी के बीच राजनीतिक जंग की स्थिति बनी रहती थी। लेकिन, दिल्ली के नए राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू का कहना है कि सभी को साथ लेकर दिल्ली का विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

7