Logo
आम आदमी पार्टी, दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने राजधानी में बढ़ते नशे और अपराध पर चिंता जताते हुए सीएम रेखा गुप्ता की सरकार पर तीखा प्रहार किया है। पढ़िये प्रेसवार्ता में क्या-क्या आरोप लगाए...

आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने राजधानी में बढ़ते अपराध और नशे को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार नशे के कारोबारियों को संरक्षण दे रही है, साथ ही पुलिस की कार्रवाई को प्रभावित कर रही है। आप नेताओं ने कहा कि अगर ऐसा रहा तो दिल्ली में रहना पूरी तरह से असुरक्षित हो जाएगा। इस दौरान कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार और करोल बाग से विधायक विशेष रवि ने भी बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। 

आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आज प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए दिल्ली पुलिस के एक एसएचओ की वीडियो क्लिप शेयर किया। उन्होंने कहा कि हाल में दिल्ली के बवाना, सुल्तानपुरी, मंगोलपुरी, सीमापुरी, त्रिलोकपुरी, कोंडली और वजीरपुर आदि क्षेत्रों में नशे का खुलेआम कारोबार हो रहा है। नशा बेचने और खरीदने वाले सभी जानते हैं, लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं होती। अपराध में नाबालिग भी शामिल हो रहे हैं। बड़े गैंग नाबालिगों को नशा देकर अपराध करवाते हैं। 

सौरभ भारद्वाज ने उदाहरण देते हुए वजीराबाद का हालिया मामला साझा किया। उन्होंने कहा कि एक शादी समारोह के दौरान वजीरपुर की जेजे कॉलोनी में नशे में दो लोग झगड़ रहे थे। जब बारात आनी थी और उनसे रास्ता मांगा गया, क्योंकि वो बीच रास्ते पर झगड़ रहे थे। जब उन्हें हटने को कहा तो उन्होंने अपना झगड़ा छोड़कर उस व्यक्ति पर हमला कर दिया, जो कि उसे हटाने के लिए गया था। बदमाशों ने अपने साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद करीब 15-20 लोग, जो कि सूखा नशा करते थे, मौके पर पहुंचे और ईंटों से हमला कर उस व्यक्ति की हत्या कर दी।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इसके बाद महिलाओं ने थाने जाकर नशा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की तो एसएचओ ने ऑन रिकॉर्ड चौंकाने वाला खुलासा कर दिया। एसएचओ ऑन रिकॉर्ड बोल रहे हैं कि जब कभी नशे के कारोबारियों पर पुलिस कार्रवाई करती है, तो सरकार उन्हें छुड़वा देती है। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली में अपराध और नशे की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खुलेआम नशा बिक रहा है और पुलिस की कार्रवाई न होने के कारण नागरिकों में चिंता और आक्रोश बढ़ रहा है। आप ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एसएचओ का वीडियो शेयर किया है, जिसके आधार पर आम आदमी पार्टी दिल्ली सरकार पर गंभीर आरोप लगा रही है। देखिये वीडियो...

कुलदीप कुमार ने भी साधा निशाना 

कोंडली विधानसभा सीट से आप विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली में जब से बीजेपी और रेखा गुप्ता की सरकार आई है, तब से दिल्ली के बुरे हाल हो चुके हैं। दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल से लेकर कमिश्नर तक बीजेपी के दबाव में काम कर रहे हैं। पूरी दिल्ली में अपराध और नशे का धंधा बीजेपी और सीएम साहिबा के अंतर्गत हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम पुलिस कमिश्नर से मिलने के लिए समय मांगते हैं, लेकिन नहीं मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को पूरी तरह से बिगाड़ दिया है।  

7