Paneer Makhani: पंजाबी ज़ायका पसंद हैं तो डिनर में बनाएं पनीर मखनी, स्वाद ऐसा कि चाट लेंगे उंगलियां

Paneer Makhani Recipe: पंजाबी खाने की बात हो और पनीर मखनी का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। ढाबा स्टाइल गाढ़ी, मक्खन से भरपूर और हल्की मिठास वाली ग्रेवी में डूबा पनीर मखनी हर किसी की फेवरेट डिश मानी जाती है। खास मौकों से लेकर वीकेंड डिनर तक, यह रेसिपी मेन्यू की शान बन जाती है।
अक्सर लोग सोचते हैं कि रेस्टोरेंट जैसा पनीर मखनी घर पर बनाना मुश्किल है, लेकिन सही सामग्री और सही तरीके से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं पंजाबी स्टाइल पनीर मखनी बनाने की पूरी विधि, जिससे स्वाद होगा बिल्कुल होटल जैसा।
पनीर मखनी बनाने के लिए सामग्री
- पनीर - 250 ग्राम (चौकोर टुकड़ों में कटा)
- टमाटर - 4 बड़े (कटे हुए)
- काजू - 12-15 (भिगोए हुए)
- मक्खन - 3 टेबलस्पून
- फ्रेश क्रीम - 3 टेबलस्पून
- अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 टेबलस्पून
- लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- गरम मसाला - 1/2 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- चीनी - 1/2 छोटा चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- कसूरी मेथी - 1 छोटा चम्मच
- तेल - 1 टेबलस्पून
- पानी - आवश्यकतानुसार
पनीर मखनी बनाने का तरीका
पनीर मखनी एक स्वाद से भरपूर फूड डिश है जो डिनर को स्पेशल बना सकती है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले कढ़ाही में थोड़ा तेल और 1 टेबलस्पून मक्खन गर्म करें। इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर हल्का भूनें। अब कटे हुए टमाटर और भीगे हुए काजू डालें।
मध्यम आंच पर 10-12 मिनट तक पकाएं, जब तक टमाटर नरम न हो जाएं। मिश्रण ठंडा होने पर इसे मिक्सर में पीसकर स्मूद पेस्ट बना लें। अब उसी कढ़ाही में दोबारा मक्खन डालें और तैयार टमाटर-काजू की प्यूरी को छानकर डालें। इससे ग्रेवी बिल्कुल स्मूद बनेगी।
धीमी आंच पर इसे 5-7 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि ग्रेवी तले में न लगे। अब ग्रेवी में लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, नमक और चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें और ग्रेवी को गाढ़ा होने दें। इस स्टेज पर ग्रेवी का रंग और खुशबू दोनों उभरकर आते हैं।
अब ग्रेवी में पनीर के टुकड़े डालें और हल्के हाथ से चलाएं। इसके बाद फ्रेश क्रीम और कसूरी मेथी डालें। अंत में गरम मसाला डालकर 2-3 मिनट तक पकाएं। गैस बंद करने से पहले ऊपर से थोड़ा मक्खन डालें, जिससे पनीर मखनी को असली पंजाबी टच मिले।
गरमागरम पंजाबी स्टाइल पनीर मखनी को बटर नान, तंदूरी रोटी या जीरा राइस के साथ सर्व करें। ऊपर से थोड़ी क्रीम डालकर गार्निश करें, स्वाद और लुक दोनों शानदार लगेंगे। इस सब्जी को बच्चे और बड़े सभी चाव से खाएंगे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)
