दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महाअष्टमी और रामनवमी की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने घर में कन्या पूजन किया, इसके बाद पीतमपुरा स्थित सर्वोदय विद्यालय पहुंची। यहां उन्होंने सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम के दौरान छात्राओं से संवाद किया। इस मौके पर सीएम ने 1100 छात्राओं को साइकिल वितरित की। वहीं, घर में कन्या पूजन के बाद कंजकों को स्कूल बैग दिए, जो बेटियों की शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से उनकी भविष्य से जुड़ी योजनाएं जानी, वहीं शिक्षण से संबंधित या स्कूल से घर के बीच आने-जाने वाले परेशानियां भी पूछीं। इसके बाद सीएम ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से इन छात्राओं को घर से स्कूल आने और ट्यूशन जाने के अलावा अन्य कार्यों में भी आसानी होगी। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों को उच्च स्तर की शिक्षा देना हमारी प्राथमिकता है। बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं ताकि किसी भी बेटी को जरा सी भी परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने लोगों को संदेश दिया कि बेटियां समाज का अभिन्न अंग हैं, सभी को उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि मां के रूप में इन कन्याओं का पूजन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि यह स्मरण है कि जहां बेटियों का सम्मान होता है, वहीं सच्ची समृद्धि का वास होता है। इसी श्रद्धा और संकल्प के साथ आज 1100 बेटियों को साइकिलें प्रदान की गईं। इस वर्ष से हमारी सरकार ने बजट में दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा उत्तीर्ण 1,30,000 बेटियों को साइकिल प्रदान करने का प्रावधान किया है। इससे उन्हें आने-जाने में सुविधा होगी, ड्रॉप आउट कम होगा और माता-पिता की चिंता भी कम होगी।
VIDEO | Delhi CM Rekha Gupta (@gupta_rekha) distributes bicycles to schoolgirls and performs Kanya Pujan at Sarvodaya School in Pitampura.
— Press Trust of India (@PTI_News) March 26, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/alHeKzm4FT
घर पर कन्याओं को दिए स्कूल बैग
सीएम रेखा गुप्ता ने घर पर कन्य पूजन किया। उन्होंने कंजकों को स्कूल बैग दिए। उन्होंने एक्स पर लिखा कि बेटियां सौभाग्य हैं, शक्ति हैं, और मां का पावन आशीर्वाद हैं। आज कन्या पूजन के इस पावन अवसर पर बेटियों का पूजन कर मन अत्यंत भावविभोर हो उठा। दुर्गा अष्टमी हमें यह अनुभव कराती है कि हर बेटी में आदिशक्ति का उज्ज्वल स्वरूप विद्यमान है। उनका स्नेह, उनका सम्मान, जीवन को पवित्रता और मंगल से भर देता है। मां से यही प्रार्थना है कि सब पर अपनी कृपा बनाए रखें, हर घर में सुख-समृद्धि का प्रकाश फैले और बेटियों का स्नेह यूं ही जीवन को आलोकित करता रहे। मां के चरणों में कोटि-कोटि प्रणाम।

इसके अलावा उन्होंने जनता को रामनवमी की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, 'अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक प्रभु श्रीराम का संपूर्ण जीवन धैर्य, त्याग, तपस्या और लोक-कल्याण का अनुपम आदर्श है। 'रामराज्य' की परिकल्पना हमें एक न्यायप्रिय और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करती है। प्रभु श्रीराम की कृपा से प्रत्येक घर सुख, शांति और उत्तम आरोग्य से परिपूर्ण हो। मर्यादा और सत्य का यह महापर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और हर्षोल्लास लेकर आए।










