Logo
पचपेड़ी नाका से भाठागांव तक नई बायपास सड़क बनेगी। 60 फीट की इस सड़क के लिए रायपुर नगर निगम और राजस्व विभाग ने सर्वे शुरू कर दिया है।

रायपुर। पचपेड़ी नाका से भाठागांव तक नई बायपास सड़क बनेगी। 60 फीट की इस सड़क के लिए रायपुर नगर निगम और राजस्व विभाग ने सर्वे शुरू कर दिया है। करीब 4.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के बनने से डेढ़ लाख लोगों को राहत मिलेगी। केनाल रोड 2.0 कलर्स माल के पीछे से शुरू होकर भाठागांव मार्ग तक विकसित किया जाएगा। नगर निगम ने इस कार्य के लिए 20 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर राज्य शासन के पास स्वीकृति के लिए भेजा है। मुख्यमंत्री नगर उत्थान योजना के तहत इस प्रोजेक्ट को लिया गया है।

दरअसल, रिंगरोड पर ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को कम करने पचपेड़ी नाका से भाठागांव तक केनाल रोड 2 का निर्माण कराया जाएगा। लंबे समय से अटके इस प्रोजेक्ट के लिए नगर निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सर्वे कर नापजोख का काम शुरू कर दिया है। राज्य सरकार ने इस अहम प्रोजेक्ट के लिए अपने बजट में 20 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक 4.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के बनने से लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। यह सड़क न सिर्फ पुरानी धमतरी रोड से भाठागांव तक एक मजबूत कनेक्टिविटी देगी, बल्कि शहर के सबसे व्यस्त रूट में शामिल रिंगरोड पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा। नई बायपास सड़क निर्माण में अतिक्रमण एक प्रमुख चुनौती के रूप में है। इसके कारण 165 लोगों को नोटिस भेजा गया है। शहरीकरण से नहर कब्जे का शिकार है, नहर किनारे अवैध रूप से मकान बनने से पुरानी नहर नाले में तब्दील हो गई है। इसके चौड़ीकरण के लिए नपाई शुरू हो गई है।

फैक्ट
सड़क का नाम: केनाल रोड 2.0 सड़क
बायपास सड़क कुल लंबाई : 4.5 किलोमीटर
निर्माण लागत: 20 करोड़
निर्माण एजेंसी : नगर निगम रायपुर
नई सड़क बनने से डेढ़ लाख आबादी को राहत

शासन के पास स्वीकृति के लिए भेजा है प्रस्ताव 
नगर निगम रायपुर के अधीक्षण अभियंता  इमरान खान ने  बताया कि, केनाल रोड 2.0 के लिए नगर निगम और राजस्व विभाग ने संयुक्त सर्वे शुरू कर दिया है। राज्य शासन ने बजट में इस प्रोजेक्ट के लिए 20 करोड़ का प्रावधान किया है। हमने प्रस्ताव बनाकर शासन की प्रशासकीय स्वीकृति के लिए भेजा है। यह सड़क 7 मीटर से बढ़ाकर 18 मीटर यानी 60 फीट की जाएगी। 

इन इलाकों को मिलेगा फायदा
संतोषीनगर, रावतपुरा सिटी, चौरसिया कालोनी, भैरव सोसाइटी सहित 40 से अधिक कालोनियों के लोगों को राहत मिलेगी। अभी इन क्षेत्रों के रहवासी रिंग रोड पर निर्भर हैं। इसके अलावा पुराना धमतरी रोड जाने के लिए कुशालपुर, प्रोफेसर कालोनी, भाठागांव वालफोर्ट सिटी व आसपास के इलाकों के रहवासियों को राहत मिलेगी।

ये है प्रोजेक्ट 
केनाल रोड 2.0 कलर्स माल के पीछे से शुरू कर भाठागांव मार्ग तक विकसित की जाएगी। यह सड़क एनएच 53 के समानांतर बनेगी, जिससे शहर के भीतर एक वैकल्पिक और तेज कनेक्टिविटी मार्ग तैयार होगा। पुराना धमतरी रोड से भाठागांव को जोड़ने में यह सड़क अहम भूमिका निभाएगी। 

7