Vegetable Manchurian: बच्चों का पसंदीदा वेजिटेबल मंचूरियन घर पर बनाएं, इस तरह करें तैयार

वेजिटेबल मंचूरियन बनाने का तरीका।
Vegetable Manchurian: भारतीय किचन में इंडो-चाइनीज डिशेज की अपनी अलग ही क्रेज है। जब बात आती है चाइनीज फ्लेवर और मसालों की तो सबसे पहले दिमाग में वेजिटेबल मंचूरियन का नाम आता है। यह डिश क्रिस्पी वेजिटेबल बॉल्स और टेस्टी ग्रेवी के कॉम्बिनेशन से तैयार होती है, जो चावल या नूडल्स के साथ सर्व की जाती है। होटल जैसी स्वादिष्ट मंचूरियन अगर घर पर बनाई जाए तो उसका मज़ा और भी दोगुना हो जाता है।
वेजिटेबल मंचूरियन न सिर्फ पार्टी और गेट-टुगेदर के लिए परफेक्ट है बल्कि बच्चों और बड़ों दोनों को बहुत पसंद आती है। अगर आप भी घर पर रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पाना चाहते हैं तो थोड़ी सी सावधानी और सही रेसिपी के साथ इसे आसानी से बना सकते हैं। आइए जानते हैं वेजिटेबल मंचूरियन बनाने का तरीका।
वेजिटेबल मंचूरियन के लिए सामग्री
- पत्तागोभी (कद्दूकस की हुई) - 1 कप
- गाजर (कद्दूकस की हुई) - 1/2 कप
- शिमला मिर्च - 1/2 कप
- हरा प्याज़ - 2 चम्मच
- अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 चम्मच
- मैदा - 2 चम्मच
- कॉर्न फ्लोर - 2 चम्मच
- सोया सॉस - 2 चम्मच
- टमाटर सॉस - 2 चम्मच
- लाल मिर्च सॉस - 1 चम्मच
- सिरका - 1 चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- तेल - तलने के लिए
वेजिटेबल मंचूरियन बनाने का तरीका
वेजिटेबल मंचूरियन एक पॉपुलर स्ट्रीट फूड है जो काफी पसंद किया जाता है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले एक बाउल में पत्तागोभी, गाजर, शिमला मिर्च और हरा प्याज़ मिलाएं।
इसमें मैदा और कॉर्न फ्लोर डालें और थोड़ा सा नमक मिलाकर छोटे-छोटे बॉल्स बना लें। कड़ाही में तेल गर्म करें और इन बॉल्स को गोल्डन ब्राउन होने तक डीप फ्राई करें। इसके बाद बॉल्स को निकालकर टिशू पेपर पर रख दें।
अब एक कड़ाही में 2 चम्मच तेल गरम करें। इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट और हरा प्याज़ डालकर भूनें। अब सोया सॉस, टमाटर सॉस, लाल मिर्च सॉस और सिरका डालकर मिलाएं।
आधा कप पानी डालकर उबाल आने दें। कॉर्न फ्लोर को पानी में घोलकर डालें और ग्रेवी को गाढ़ा होने दें। तैयार मंचूरियन बॉल्स को ग्रेवी में डालकर 2 मिनट तक पकाएं। हरे प्याज़ से गार्निश करें और गरमागरम मंचूरियन को फ्राइड राइस या नूडल्स के साथ सर्व करें।
