Punjabi Sarson Saag: सर्दियों की स्पेशल डिश है पंजाबी सरसों साग, इस तरीके से बनाएं

how to make sarson saag recipe at home
X

सरसों की साग बनाने का तरीका।

Punjabi Sarson Saag: पंजाबी स्वाद से भरपूर सरसों का साग बेहद स्वादिष्ट लगता है। मक्के की रोटी के साथ इसका टेस्ट औऱ भी बढ़ जाता है।

Punjabi Sarson Saag: विंटर सीजन में घर-घर में सरसों के साग की खुशबू फैलने लगती है। पंजाबी सरसों का साग न सिर्फ स्वाद में जबरदस्त होता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। मक्के की रोटी और सफेद मक्खन के साथ इसका स्वाद हर किसी को दीवाना बना देता है।

पंजाब की पारंपरिक रसोई से निकला यह व्यंजन भले ही बनाने में थोड़ा वक्त लेता हो, लेकिन सही तरीके से तैयार किया जाए तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। अगर आप भी घर पर ढाबे जैसा पंजाबी सरसों का साग बनाना चाहते हैं, तो इस आसान रेसिपी को जरूर अपनाएं।

सरसों का साग बनाने के लिए सामग्री

  • सरसों के पत्ते - 500 ग्राम
  • पालक - 200 ग्राम
  • बथुआ - 100 ग्राम
  • हरी मिर्च - 2
  • अदरक - 1 इंच टुकड़ा
  • मक्के का आटा - 2 टेबलस्पून
  • नमक - स्वादानुसार
  • घी - 3 टेबलस्पून

तड़के के लिए

  • घी - 2 टेबलस्पून
  • लहसुन - 8-10 कलियां
  • सूखी लाल मिर्च - 2

सरसों का साग बनाने का तरीका

सरसों का साग बनाना बेहद आसान है। इसके लिए सबसे पहले सरसों, पालक और बथुआ के पत्तों को अच्छे से धो लें। इन्हें मोटा-मोटा काटकर कुकर में डालें। इसमें हरी मिर्च, अदरक और थोड़ा सा नमक मिलाएं। अब 1 कप पानी डालकर 3-4 सीटी आने तक उबाल लें।

जब प्रेशर खत्म हो जाए, तो साग को हल्का ठंडा होने दें। अब इसे मिक्सर या मथनी से दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि साग पूरी तरह स्मूद न हो, हल्का दरदरा ही स्वाद बढ़ाता है।

पीसे हुए साग को कढ़ाही में डालें और धीमी आंच पर पकाएं। इसमें मक्के का आटा डालकर अच्छी तरह मिलाएं ताकि गुठलियां न बनें। 15-20 मिनट तक चलाते हुए पकाएं, इससे साग गाढ़ा और स्वादिष्ट बनता है।

अलग पैन में घी गरम करें। इसमें लहसुन की कलियां और सूखी लाल मिर्च डालकर सुनहरा होने तक भूनें। तैयार तड़का साग के ऊपर डाल दें। गरमा-गरम पंजाबी सरसों का साग मक्के की रोटी, सफेद मक्खन और गुड़ के साथ परोसें।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

लेखक: (कीर्ति)

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story