Litti Chokha: बिहार की लोकप्रिय डिश लिट्टी-चोखा घर पर करें तैयार, बनाने का यह तरीका है आसान

लिट्टी चोखा बनाने का तरीका।
Litti Chokha Recipe: बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुकी लिट्टी-चोखा आज देशभर में बड़े चाव से खाई जाती है। देसी मसालों की खुशबू, सत्तू की भरावन और मिट्टी के चूल्हे जैसा स्वाद यही लिट्टी-चोखा की खासियत है। यह डिश जितनी सिंपल दिखती है, स्वाद में उतनी ही दमदार होती है।
अगर आप भी घर पर कुछ अलग, देसी और पेट भर देने वाला खाना बनाना चाहते हैं, तो लिट्टी-चोखा एक परफेक्ट ऑप्शन है। अच्छी बात यह है कि इसे तवे, ओवन या गैस पर भी आसानी से बनाया जा सकता है। सही सामग्री और विधि अपनाकर आप होटल जैसा स्वाद घर पर पा सकते हैं।
लिट्टी चोखा तैयार करने के लिए सामग्री
लिट्टी के लिए
- गेहूं का आटा - 2 कप
- अजवाइन - 1/2 छोटी चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- सरसों का तेल - 2 छोटी चम्मच
- पानी - आवश्यकतानुसार
भरावन (सत्तू मिश्रण)
- सत्तू - 11/2 कप
- सरसों का तेल - 2 छोटी चम्मच
- लहसुन पेस्ट - 1 छोटी चम्मच
- अदरक पेस्ट - 1 छोटी चम्मच
- हरी मिर्च - बारीक कटी
- नींबू का रस - 1 छोटी चम्मच
- अजवाइन - 1/2 छोटी चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- हरा धनिया - बारीक कटा
चोखा के लिए
- बैंगन - 1 बड़ा
- टमाटर - 2
- उबले आलू - 2
- सरसों का तेल - 1-2 छोटी चम्मच
- हरी मिर्च, लहसुन, प्याज - बारीक कटे
- नमक - स्वादानुसार
लिट्टी चोखा बनाने की विधि
लिट्टी चोखा बिहार की लोकप्रिय डिश है। इसे तैयार करने के लिए एक परात में गेहूं का आटा, नमक, अजवाइन और सरसों का तेल मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें। आटे को ढककर 15-20 मिनट के लिए रख दें, ताकि लिट्टी सॉफ्ट और क्रिस्पी बने।
एक बाउल में सत्तू लें और उसमें सरसों का तेल, लहसुन-अदरक पेस्ट, हरी मिर्च, अजवाइन, नमक, नींबू का रस और हरा धनिया मिलाएं। थोड़ा पानी डालकर मिश्रण को दरदरा रखें। यही लिट्टी का असली स्वाद तय करता है।
आटे की छोटी लोइयां बनाएं, बीच में सत्तू की भरावन भरें और गोल लिट्टी तैयार करें। इन्हें तवे पर ढककर धीमी आंच पर चारों तरफ से सेंकें। चाहें तो ओवन या एयर फ्रायर में भी लिट्टी को सुनहरा होने तक पका सकते हैं।
बैंगन और टमाटर को सीधे आंच पर भून लें। छिलका हटाकर इन्हें उबले आलू के साथ मैश करें। इसमें प्याज, हरी मिर्च, लहसुन, नमक और सरसों का तेल मिलाएं। अच्छे से मिलाकर चोखा तैयार करें।
गरमागरम लिट्टी को घी में डुबोकर चोखा, हरी चटनी और प्याज के साथ परोसें। यही देसी अंदाज लिट्टी-चोखा को खास बनाता है। आप इसे किसी भी वक्त बनाकर खा सकते हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)
