Paneer Tikka: होटल जैसा पनीर कैप्सिकम टिक्का घर पर बनाएं, जो खाएगा दोबारा ज़रूर मांगेगा

पनीर कैप्सिकम टिक्का बनाने का तरीका।
Paneer Tikka Recipe: जब भी होटल या ढाबे में स्टार्टर ऑर्डर करने की बात आती है, तो पनीर टिक्का सबसे पहले जुबान पर आता है। बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट पनीर, मसालों की खुशबू और स्मोकी फ्लेवर यही इसकी पहचान है। अच्छी बात यह है कि होटल जैसा पनीर कैप्सिकम टिक्का अब आप घर पर भी आसानी से बना सकते हैं।
अगर घर पर मेहमान आने वाले हों या डिनर को खास बनाना हो, तो यह रेसिपी परफेक्ट ऑप्शन है। इसमें पनीर के साथ रंग-बिरंगी शिमला मिर्च का कॉम्बिनेशन स्वाद के साथ हेल्थ भी देता है। सही मेरिनेशन और पकाने का तरीका अपनाकर आप बिल्कुल रेस्टोरेंट-स्टाइल पनीर कैप्सिकम टिक्का तैयार कर सकते हैं।
पनीर कैप्सिकम टिक्का के लिए जरूरी सामग्री
- 250 ग्राम पनीर (क्यूब्स में कटा हुआ)
- 1 कप शिमला मिर्च (हरे, लाल, पीले - चौकोर कटे हुए)
- 1/2 कप गाढ़ा दही
- 1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1/2 चम्मच हल्दी
- 1 चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 चम्मच गरम मसाला
- 1 चम्मच चाट मसाला
- 1 चम्मच नींबू रस
- 1 चम्मच बेसन (वैकल्पिक, बेहतर कोटिंग के लिए)
- 2 चम्मच सरसों का तेल
- नमक स्वादानुसार
पनीर कैप्सिकम टिक्का बनाने की विधि
स्टेप 1: मेरिनेशन तैयार करें
एक बाउल में दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें ताकि गांठ न रहें। अब इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला, नमक, नींबू रस और सरसों का तेल डालकर अच्छे से मिलाएं।
स्टेप 2: पनीर और कैप्सिकम मेरिनेट करें
अब इस मसाले में कटे हुए पनीर और शिमला मिर्च डालें। हल्के हाथों से मिलाएं ताकि पनीर टूटे नहीं। बाउल को ढककर कम से कम 30 मिनट के लिए मेरिनेट होने दें।
स्टेप 3: टिक्का पकाने का तरीका
तवे, ओवन या ग्रिल किसी भी तरीके से टिक्का बनाया जा सकता है। तवे पर थोड़ा तेल गर्म करें और मेरिनेटेड पनीर-कैप्सिकम को मध्यम आंच पर चारों तरफ से सेकें, जब तक हल्का क्रिस्पी न हो जाए।
स्टेप 4: स्मोकी फ्लेवर दें
होटल जैसा स्वाद पाने के लिए अंत में कोयले को जलाकर टिक्के के ऊपर रखें और थोड़ा घी डालकर ढक दें। 2 मिनट बाद ढक्कन हटा दें।
सर्व करने का तरीका
गरमागरम पनीर कैप्सिकम टिक्का को हरी चटनी, प्याज के छल्लों और नींबू के साथ परोसें। यह स्टार्टर या स्नैक्स—दोनों में कमाल लगता है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)
