Indore News: मध्यप्रदेश। इंदौर में लसूड़िया थाना क्षेत्र के एमआर-11 स्थित सागर टाउनशिप समृद्धि एन्क्लेव में बुधवार रात जमकर बावाल हुआ। पेंटहाउस में कमर्शियल गतिविधियाों को लेकर रहवासियों ने विरोध किया तो पेंटहाउस मालिक के बेटे ने लोगों को कुचलने की कोशिश की। इस सबके चलते एक महिला की मौत हो गई। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें कार चालक द्वारा महिला को कुचलने की घटना रिकॉर्ड हुई है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
मृतक महिला की पहचान शंपा पाठक के रूप में हुई है। वे इंफोसिस में सॉफ्टवेयर इंजिनियर थीं। 13 मार्च को ही वे अपने परिवार के साथ नए फ्लैट में शिफ्ट हुईं थीं। उनके दो बच्चे भी हैं। विवाद का कारण रिहायशी इलाके में 'Airbnb' का संचालन बताया जा रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी बेटे और उसके पिता को गिरफ्तार किया है।
किराए पर दिया था पेंटहाउस
रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी का नाम कुलदीप चौधरी है। उसने दो पेंटहाउस खरीदे थे। इन पेंटहाउस को आरोपी ने 'Airbnb' ऐप के जरिए कमर्शियल रूप से किराए पर दिया था। सोसायटी के लोग इसका विरोध कर रहे थे क्योंकि इससे बाहरी लोगों का सोसायटी में आना-जाना बढ़ गया था।
मोहित ने लोगों को कुचला
इसके पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था जिसे स्थानीय पार्षद ने सुलझाने की कोशिश की थी। बुधवार को दोबारा इस मामले में बहस हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि, कुलदीप के बेटे मोहित ने कार से लोगों को कुचलना शुरू कर दिया। जब यह हो रहा था तब कुलदीप भी कार में ही बैठा था।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। शंपा के परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया था। शंपा के पति सौरभ का कहना था कि, पेंटहाउस के मालिक का बेटा बहुत तेज स्पीड में कार चला रहा था। पहले उसने एक महिला कर्मचारी को कुचला। इसके बाद मेरी ओर बढ़ा, मैं तो बच गया लेकिन मेरी पत्नी कार की चपेट में आ गई। उसके सिर पर गहरी चोट लग गई थी।









