Ginger Garlic Soup: इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए पिएं जिंजर-गार्लिक सूप, रेस्टोरेंट जैसा स्वाद ऐसे पाएं

जिंजर गार्लिक सूप बनाने का तरीका।
Ginger Garlic Soup: रेस्टोरेंट में अदरक-लहसुन से बने सूप की बहुत डिमांड रहती है। जिंजर गार्लिक सूप न सिर्फ पीने में स्वादिष्ट लगता है, बल्कि ये शरीर को कई तरीकों से फायदा पहुंचाता है। खासतौर पर ठंडे मौसम में इसे पीना बहुत लाभकारी माना जाता है। अदरक और लहसुन दोनों ही किचन के आम मसाले हैं, लेकिन इनके गुण बेहद खास हैं।
मॉर्डन साइंस हो या आयुर्वेद अदरक-लहसुन के गुणों का लोहा सभी ने माना है। आप अगर रेस्टोरेंट जैसा जिंजर गार्लिक सूप घर पर तैयार करना चाहते हैं तो इसे बनाना भी आसान है। ये सूप आपको हेल्दी रखने में भी मदद करेगा।
जिंजर गार्लिक सूप के लिए सामग्री
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा अदरक
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा लहसुन
1 छोटा प्याज (कटा हुआ)
1 गाजर और 1 शिमला मिर्च (बारीक कटी)
2 कप वेजिटेबल स्टॉक या पानी
1 चम्मच सोया सॉस
नमक और काली मिर्च स्वादानुसार
1 छोटा चम्मच तेल या घी
जिंजर गार्लिक सूप बनाने का तरीका
रेस्टोरेंट जैसा जिंजर गार्लिक सूप आप आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले लहसुन की कलियां छील लें और अदरक को धो लें। अब दोनों चीजों को बारीक काट लें। इसके बाद प्याज, शिमला मिर्च और गाजर के भी टुकड़े कर लें।
अब एक पैन में तेल डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करें। इसके बाद उसमें कटा हुआ लहसुन और अदरक डालकर भूनें। फिर इसमें इसमें प्याज, गाजर और शिमला मिर्च डालकर हल्का सा फ्राई करें।
इसके बाद कड़ाही में वेजिटेबल स्टॉक या पानी डालें और उबाल आने दें। कुछ देर बाद स्वादानुसार नमक, काली मिर्च और सोया सॉस डालकर 5 से 7 मिनट तक पकने दें। इसके बाद गैस बंद कर दें। हेल्दी जिंजर गार्लिक सूप बनकर तैयार हो चुका है। इसे धनिया पत्ती गार्निश कर सर्व करें।
