Beetroot Paratha: खून की कमी दूर करेगा चुकंदर से बना पराठा! नाश्ते के लिए 10 मिनट में बनाएं

चुकंदर पराठा बनाने का तरीका।
Beetroot Paratha Recipe: बीटरूट पराठा यानी चुकंदर से बना पराठा नाश्ते के लिए परफेक्ट डिश है। ये एक हेल्दी रेसिपी है। चुकंदर में मौजूद पोषक तत्व हीमोग्लोबिन को तेजी से बढ़ाने का काम करते हैं। ऐसे में रेगुलर बीटरूट पराठा खाने से शरीर में खून की कमी नहीं होती है। यह पराठा नाश्ते या लंच में एक हेल्दी और टेस्टी विकल्प हो सकता है। इसकी सुंदर गुलाबी रंगत और हल्का मीठा स्वाद इसे बाकी पराठों से अलग बनाता है।
चुकंदर में आयरन, फाइबर, फोलेट और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं। चुकंदर पराठे को बनाना बहुत सरल है और हेल्दी डाइट के लिए आप इसे नाश्ते में शामिल कर सकते हैं। जानते हैं टेस्टी बीटरूट पराठा बनाने का तरीका।
चुकंदर पराठा बनाने के लिए सामग्री
- गेहूं का आटा – 2 कप
- चुकंदर (कद्दूकस किया हुआ) – 1 कप
- हरी मिर्च – 1 (बारीक कटी हुई)
- अदरक – 1 छोटा चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
- जीरा – 1/2 छोटा चम्मच
- धनिया पत्ती – 2 बड़े चम्मच (बारीक कटी हुई)
- नमक – स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- तेल या घी – पराठा सेंकने के लिए
- पानी – आवश्यकता अनुसार
चुकंदर का पराठा बनाने की विधि
चुकंदर का पराठा बनाना बहुत सरल है और इसे 10 मिनट में ही तैयार किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले एक बर्तन में आटा लें। उसमें कद्दूकस किया हुआ चुकंदर, हरी मिर्च, अदरक, जीरा, धनिया पत्ती, नमक और लाल मिर्च पाउडर डालें।
इसके बाद सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। फिर थोड़ा-थोड़ा कर पानी डालें और सख्त आटा गूंथ लें। आटा तैयार हो जाने के बाद 15 मिनट के लिए इसे ढककर रख दें। इतने वक्त में पराठा बनाने के लिए आटा पूरी तरह से सैट हो जाएगा।
तय समय के बाद आटे से लोइयां बनाएं और बेलन की सहायता से पराठा बेल लें। इसके बाद तवा गर्म करें और उस पर बेला हुआ पराठा डाल दें। पराठे को दोनों तरफ से तेल या घी लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें।
पराठा जब सिक जाए तो उसे प्लेट में उतार लें। इसी तरह सारी लोइयों से एक-एक करते हुए चुकंदर पराठा तैयार कर लें। नाश्ते के लिए टेस्टी चुकंदर के पराठे रेडी हैं। इन्हें दही, चटनी या अचार के साथ सर्व कर सकते हैं।
