Bone Health: बढ़ती उम्र में कमजोर हड्डियों में कैसे नई जान डालें? जान लें 5 घरेलू तरीके

home remedies for bone health
X

हड्डियों को मजबूती देने वाले घरेलू उपाय। (Image-AI)

Bone Health: उम्रदराज होने पर सबसे ज्यादा परेशानी कमजोर हड्डियों को लेकर होती है। ऐसे में कुछ घरेलू उपाय आजमाकर आप लंबे वक्त तक बोन्स हेल्दी रख सकते हैं।

Bone Health: उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों का कमजोर हो जाना एक आम समस्या है। 50 की उम्र पार करने के बाद तो ये समस्या हर चौथे आदमी में दिखाई देने लगती है। हमारे शरीर का आधार ही हड्डियां हैं और अगर ये कमजोर हो जाए तो ये स्थिति काफी परेशानीभरी हो सकती है। हड्डियों को मजबूती देने के लिए कम उम्र से ही इसका ख्याल रखना जरूरी है। इसमें कुछ घरेलू उपाय आपके काम आ सकते हैं।

दूध, देसी घी, गुड़ लहसुन समेत कई खाने की ऐसी चीजें हैं जो हड्डियों को नई ताकत प्रदान करती हैं। आइए जानते हैं कुछ घरेलू नुस्खे जो कि हड्डियों को फौलादी बना सकते हैं।

दूध और देसी घी का करें यूज

हमारी हड्डियों को मजबूती देने के लिए दूध में मौजूद कैल्शियम और विटामिन D बेहद जरूरी हैं। रोज एक गिलास गर्म दूध पीना और उसमें एक चम्मच देसी गाय का घी मिलाकर लेना हड्डियों को अंदर से मजबूती देने का काम करता है। यह गठिया और जोड़ों के दर्द जैसी हड्डियों की समस्याओं से भी राहत देता है।

सेंधा नमक और सरसों के तेल की मालिश

सेंधा नमक और सरसों के तेल का घरेलू उपाय भी असरदार है। हफ्ते में दो से तीन बार सरसों के तेल में सेंधा नमक गर्म करके शरीर की मालिश करें। ऐसा करने से ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है और हड्डियों व जोड़ों में जमे हुए टॉक्सिन्स बाहर निकालते हैं। मालिश से जोड़ों की जकड़न और सूजन में भी कमी आती है।

लहसुन और गुड़ खाएं

सुबह खाली पेट 1-2 कच्ची लहसुन की कलियां खाना फायदेमंद है। इसके बाद एक छोटा टुकड़ा गुड़ खाने से हड्डियां मजबूत होती हैं। बता दें कि लहसुन में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं और गुड़ आयरन का अच्छा स्रोत है, जो हड्डियों में नई जान डाल सकता है।

रोज खाएं हरी पत्तेदार सब्जियां

पालक, मेथी, बथुआ जैसी हरी सब्जियों में पोषण का खजाना छिपा हुआ है। इनमें कैल्शियम, फॉस्फोरस और मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में होता है। ये हड्डियों के घनत्व को बनाए रखने में मदद करते हैं। इन्हें अपनी रोजमर्रा की डाइट में जरूर शामिल करें।

सुबह की धूप लें और एक्सरसाइज करें

धूप विटामिन D का नेचुरल स्रोत है जो कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है। हड्डियों की कमजोरी की बड़ी वजह शरीर में विटामिन डी की कमी भी होती है। रोज सुबह की धूप 15–20 मिनट तक लें। साथ ही योग या हल्की वॉक से हड्डियों की लचीलापन और मजबूती बढ़ाई जा सकती है।

(Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी विशेषज्ञ/ डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)


(कीर्ति)

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story