Sunny Deol cries: 'बॉर्डर 2' का डायलॉग बोलते-बोलते रोने लगे सनी देओल, पिता धर्मेंद्र को याद कर छलके आंसू

'बॉर्डर 2' टीजर लॉन्च के दौरान अभिनेता सनी देओल भावुक हो गए।
Sunny Deol Movie: बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल ने 24 नवंबर को अपने पिता और फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को खो दिया। पिता की मृत्यु के बाद सनी गहरे शोक में हैं। इसी बीच मंगलवार (16 दिसंबर) को उन्होंने अपने आगामी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के टीज़र लॉन्च इवेंट में पहली बार सार्वजनिक रूप से हिस्सा लिया। इस मौके पर सनी भावुक नजर आए और अपनी बात कहते हुए आंखों में आंसू रोकते दिखे।
'बॉर्डर 2' टीज़र लॉन्च में भावुक हुए सनी
टीज़र लॉन्च इवेंट मुंबई में विजय दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में फिल्म की स्टार कास्ट, जिसमें सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी शामिल थे, मौजूद रही। सनी ने इवेंट में फिल्म का एक दमदार डायलॉग "आवाज़ कहां तक जानी चाहिए?" मंच पर कहकर मौजूद ऑडियंस से प्रतिक्रिया ली। जब दर्शकों ने जवाब में कहा, "लाहौर तक," सनी ने वही डायलॉग उसी जोशीली आवाज़ में दोहराया। लेकिन इस दौरान उनके भावुक हो जाने और आंखों में आंसू लिए दर्शकों का ध्यान खींचा।
धर्मेंद्र का निधन, बॉलीवुड में शोक
नवंबर की शुरुआत में धर्मेंद्र स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती थे, बाद में उन्हें घर लाया गया था। उस दौरान उनके निधन की अफवाहें भी उड़ी थीं, जिन्हें उनकी बेटी एशा देओल और पत्नी हेमा मालिनी ने खारिज किया था। 24 नवंबर को धर्मेंद्र का निधन हो गया और उन्हें पवन हंस क्रेमेटोरियम में परिवारजनों की मौजूदगी में अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान कई बॉलीवुड सितारे जैसे सलमान खान, शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन भी मौजूद थे।

सनी ने हाल ही में अपने पिता का एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें धर्मेंद्र अपने 90वें जन्मदिन पर पहाड़ों का नजारा लेते नजर आए। सनी ने वीडियो के साथ लिखा था, “आज मेरे पापा का जन्मदिन है। पापा हमेशा मेरे साथ हैं, मेरे अंदर हैं। लव यू पापा। मिस यू।”
‘बॉर्डर 2’ के बारे में
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध पर आधारित है। फिल्म को गुलशन कुमार और टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत किया गया है, जबकि जे.पी. दत्ता और निधि दत्ता भी निर्माता हैं।
फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा सोनम बाजवा, मोना सिंह, मेधा राणा, अंगद सिंह, गुनित संधू और परमवीर चीमा सपोर्टिंग रोल में नजर आएंगे। ये 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
