संजय कपूर की मां ने बहू पर लगाया कंपनी हड़पने का आरोप: बोलीं- 'बेटे की मौत से पहले ही प्रिया सचदेव को कंपनी से हटाया गया था'

संजय कपूर के निधन के बाद उनके परिवार में संपत्ति को लेकर गहरा विवाद छिड़ा है।
Sunjay Kapur property dispute: दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की संपत्ति को लेकर कानूनी जंग तेज होती जा रही है। अब उनकी मां, रानी कपूर ने अपनी बहू प्रिया सचदेव पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि जून में संजय के निधन के तुरंत बाद प्रिया ने कंपनी और संपत्तियों पर नियंत्रण जमा लिया।
दिल्ली हाई कोर्ट में सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान रानी कपूर ने कहा कि संजय ने प्रिया को साल 2023 में ही कंपनी के बोर्ड से हटा दिया था, क्योंकि वह 'कुछ उलटना' चाहते थे।
रानी कपूर के आरोप
सुनवाई में रानी कपूर ने आरोप लगाया कि संजय के गुजरते ही प्रिया सचदेव कपूर ने उनके बिजनेस और संपत्तियों को संभालने में असामान्य तेजी दिखाई, जबकि परिवार शोक में था। रानी के अनुसार, संजय ने 31 मार्च 2023 को प्रिया को अपनी कंपनी सोना कॉमस्टार की होल्डिंग संस्था AIPL के बोर्ड से हटा दिया था और निवेशकों से कहा था कि “कुछ रिवर्स करना जरूरी है।”
रानी ने यह भी कहा कि यह बात समझ से परे है कि संजय के निधन के एक सप्ताह के भीतर ही प्रिया कंपनी की एमडी कैसे बन गईं और अगले हफ्ते फिर से निदेशक पद पर कैसे लौट आईं।
रानी कपूर ने अदालत में यह भी बताया कि उन्हें संजय की किसी वसीयत की जानकारी नहीं थी। उन्होंने प्रिया द्वारा पेश किए गए दस्तावेज को फर्जी बताया और कहा कि यह संजय के उस आजीवन विश्वास के उलट है कि उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय हमेशा अपनी मां को दिया। उनके वकील ने दलील दी, “अगर वह सच में अपनी मां को विरासत से बाहर रखना चाहते, तो वह इसे स्पष्ट रूप से लिखते।”
करिश्मा कपूर के बच्चों की याचिका से उठा सवाल
यह मामला करिश्मा कपूर और संजय कपूर के बच्चों- समायरा और कियान कपूर द्वारा दायर याचिका से जुड़ा है। बच्चों ने आरोप लगाया है कि प्रिया सचदेव ने उनके पिता की वसीयत में हेरफेर कर उन्हें संपत्ति से बाहर कर दिया। वे अदालत से अंतरिम आदेश की मांग कर रहे हैं, ताकि प्रिया सुनवाई पूरी होने तक संजय की संपत्ति को बेच या कम न कर सके।
संजय कपूर का निधन
संजय कपूर का 12 जून को इंग्लैंड में एक पोलो मैच के दौरान अचानक कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया था। संजय ने 2003 में अभिनेत्री करिश्मा कपूर से शादी की थी और 2016 में उनका तलाक हो गया। दोनों के दो बच्चे हैं। बाद में 2017 में संजय ने प्रिया सचदेव से शादी की, जिनसे उनका एक बेटा है।
