Siwan Crime News: बिहार के सीवान जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर पूरा इलाका गमगीन है। रामगढ़ गांव में एक 20 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। लेकिन इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू वह मासूम बच्ची रही, जो घंटों अपनी मां के बेजान शरीर के पैरों के पास खड़ी होकर रोती रही। वह अबोध बच्ची यह समझ ही नहीं पा रही थी कि उसकी मां उसे हमेशा के लिए अकेला छोड़कर चली गई है।
पति बेंगलुरु में मजदूर, घर में अकेली थी चंदा
मृतका की पहचान चंदा देवी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब ढाई साल पहले लगन महतो के साथ हुई थी। लगन अपनी आजीविका चलाने के लिए बेंगलुरु में मजदूरी करते हैं, जबकि चंदा गांव में अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ रहती थी। मंगलवार की रात किसी घरेलू विवाद या तनाव के कारण चंदा ने खौफनाक कदम उठाते हुए फंदे से लटककर जान दे दी। उस वक्त घर में उसके और उसकी मासूम बच्ची के अलावा कोई तीसरा मौजूद नहीं था।
मासूम की चीख ने खोला मौत का राज
बुधवार की सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से बच्ची के लगातार रोने की आवाजें आने लगीं, तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। जब लोगों ने खिड़की से अंदर झांका, तो वहां का दृश्य देखकर सबकी रूह कांप गई। चंदा का शव फंदे से झूल रहा था और नीचे उसकी नन्ही बेटी बिलख-बिलख कर अपनी मां को पुकार रही थी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
मोबाइल लॉक होने से उलझी गुत्थी
सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी विजय रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन असल कारणों का पता चलना अभी बाकी है। मृतका का मोबाइल फोन लॉक है, जिसे खोलने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि मोबाइल से कुछ अहम सुराग मिल सकते हैं जिससे यह साफ हो सके कि चंदा ने यह कदम क्यों उठाया।
गांव में पसरा मातम
घटना की जानकारी बेंगलुरु में रह रहे पति लगन महतो और चंदा के मायके वालों को दे दी गई है। उनके आने के बाद ही पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी। इस घटना ने पूरे रामगढ़ गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिसने भी उस मासूम बच्ची को उसकी मां के शव के पास बिलखते देखा, उसकी आंखें भर आईं। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।








