Bihar Electricity New Rates 2026: बिहार के 87 लाख से अधिक स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए आज, 1 अप्रैल 2026 से बिजली का बिल चुकाने का तरीका पूरी तरह बदल गया है। अब राज्य में 'टाइम ऑफ डे' (ToD) टैरिफ व्यवस्था लागू हो गई है। इसका सीधा मतलब यह है कि अब पूरे 24 घंटे बिजली की दर एक समान नहीं रहेगी। दिन के समय (सोलर ऑवर) में बिजली इस्तेमाल करने पर आपको भारी डिस्काउंट मिलेगा, जबकि शाम के समय (पीक ऑवर) में खपत करने पर जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। कृषि कनेक्शन को छोड़कर यह नियम सभी श्रेणियों पर लागू होगा।
₹100 की बिजली खपत पर कितना देना होगा?
नए गणित को समझने के लिए बिजली कंपनी ने एक आसान फॉर्मूला दिया है। अगर आप सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच बिजली का उपयोग करते हैं, तो आपको कुल खपत का मात्र 80% पैसा ही देना होगा। यानी ₹100 की बिजली जलने पर सिर्फ ₹80 का बिल आएगा। वहीं, शाम 5 बजे से रात 11 बजे के बीच (पीक ऑवर) घरेलू उपभोक्ताओं को ₹100 की खपत पर ₹110 देने होंगे। हालांकि, औद्योगिक और व्यावसायिक श्रेणी के लिए यह चार्ज ₹120 तक जाएगा। रात 11 बजे से सुबह 9 बजे तक सामान्य दरें लागू रहेंगी।
शहरी उपभोक्ताओं के लिए राहत और अनुदान
बिहार सरकार की ओर से मिलने वाले अनुदान के बाद शहरी घरेलू उपभोक्ताओं को अब सवा सौ यूनिट से अधिक खपत पर मात्र ₹3.87 प्रति यूनिट की दर से भुगतान करना होगा। सरकार इस पर ₹3.30 प्रति यूनिट की सब्सिडी दे रही है। राहत की बात यह है कि शाम के पीक ऑवर में भी नई दरें (₹4.61/यूनिट), पिछले साल की दरों (₹5.27/यूनिट) के मुकाबले करीब 66 पैसे सस्ती हैं। यानी नियम बदलने के बावजूद उपभोक्ताओं पर पिछले साल की तुलना में बोझ कम ही रहेगा।
किस समय कितनी लगेगी यूनिट दर?
- दिन (सुबह 9 - शाम 5 बजे): सबसे सस्ती बिजली, मात्र ₹2.30 प्रति यूनिट। भारी उपकरणों (जैसे वॉशिंग मशीन, मोटर) के लिए यह समय सबसे बेहतर है।
- शाम (शाम 5 - रात 11 बजे): पीक ऑवर दर, ₹4.61 प्रति यूनिट। इस समय बिजली सोच-समझकर खर्च करें।
- रात (रात 11 - सुबह 9 बजे): सामान्य दर, ₹3.87 प्रति यूनिट। इस दौरान निर्धारित दर के अनुसार ही बिल कटेगा।
स्मार्ट मीटर वालों के लिए खास मौका
यह नई व्यवस्था फिलहाल उन 87 लाख उपभोक्ताओं के लिए है जिनके घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगे हैं। इससे पहले यह सुविधा केवल बड़े औद्योगिक घरानों के लिए थी। बिजली कंपनी का उद्देश्य उपभोक्ताओं को दिन के समय (जब सौर ऊर्जा प्रचुर मात्रा में होती है) बिजली इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना है। अगर आप अपने घर के भारी काम दिन में निपटाते हैं, तो महीने के अंत में आपके बिजली बिल में 10% से 20% तक की बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है।










