Jamui Crime News: बिहार के जमुई जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ मंगलवार को अपराधियों ने एक ऑटो चालक की बेरहमी से हत्या कर दी। टाउन थाना क्षेत्र के लखन धनामा निवासी 40 वर्षीय अशोक यादव सवारी छोड़कर वापस लौट रहे थे, तभी डोमनपुरा नहर के पास घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया।
चश्मदीदों के अनुसार, अपराधियों ने अशोक के सिर में सटाकर कई गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात इतनी वीभत्स थी कि ऑटो की अगली सीट पर ही अशोक का शव खून से लथपथ पड़ा मिला।
सरल स्वभाव के थे अशोक
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके को सील कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अशोक यादव बेहद सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालते थे। उनकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी की बात भी सामने नहीं आई है, जिससे पुलिस के लिए यह हत्या एक गुत्थी बनी हुई है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है और पुलिस अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
राजद ने सरकार पर साधा निशाना
इस हत्याकांड ने अब सियासी मोड़ ले लिया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सोशल मीडिया के जरिए नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। आरजेडी ने कहा कि बिहार में अब संगठित अपराध से भी भयावह स्थिति हो चुकी है, जहां आम आदमी की सरेआम हत्या हो रही है।
पार्टी ने आरोप लगाया कि अपराधियों के लिए हथियार पाना और अपराध करना बेहद आसान हो गया है, जबकि पुलिस प्रशासन भ्रष्टाचार और नकारेपन की भेंट चढ़ चुका है।
राजद ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में जेडीयू और भाजपा के बीच 'मुख्यमंत्री की कुर्सी' को लेकर द्वंद चल रहा है, जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। पार्टी ने ट्वीट कर कहा कि अधिकारियों की लापरवाही और सरकार की विफलता के कारण हर गली में अपराध बढ़ रहा है और बिहार में जीवन यापन करना पूरी तरह खतरनाक हो चुका है।










