Volkswagen Car: वॉक्सवैगन की आने वाली इलेक्ट्रिक हैचबैक ID Polo EV की साफ तस्वीरें इंटरनेट पर लीक हो गई हैं। इसका ग्लोबल डेब्यू मई में होना है, लेकिन उससे पहले ही इसके फाइनल डिजाइन और फीचर्स सामने आ गए हैं। यह मॉडल कंपनी के Volkswagen ID.2all कॉन्सेप्ट पर आधारित है और इसे एक किफायती इलेक्ट्रिक कार के रूप में पेश किया जाएगा।
आकर्षक डिजाइन और मॉडर्न लुक
लीक इमेज के मुताबिक, ID Polo EV का डिजाइन काफी हद तक कॉन्सेप्ट मॉडल जैसा ही है। इसमें स्लिम LED हेडलाइट्स, बीच में इल्यूमिनेटेड VW लोगो और क्लोज्ड ग्रिल दी गई है। एयरोडायनामिक्स बेहतर करने के लिए रियर डोर हैंडल को C-पिलर में छिपाया गया है। बंपर और साइड मिरर को ज्यादा प्रैक्टिकल डिजाइन दिया गया है।
पहले से ज्यादा बड़ी और स्पेशियस
नई ID Polo EV, पुरानी Volkswagen Polo से काफी बड़ी है। इसकी लंबाई 4,053 mm, चौड़ाई 1,816 mm और ऊंचाई 1,530 mm है। 2,600 mm का व्हीलबेस इसे ज्यादा केबिन स्पेस और बेहतर कंफर्ट देता है।
हाईटेक इंटीरियर और फीचर्स
कार के अंदर 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 13-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। खास बात यह है कि कंपनी ने टच कंट्रोल्स की जगह फिजिकल बटन वापस दिए हैं, जिससे ड्राइविंग के दौरान इस्तेमाल आसान होता है। इसमें ‘रेट्रो मोड’ भी दिया गया है, जो क्लासिक Golf Mk1 स्टाइल का अनुभव देता है।
बैटरी, रेंज और चार्जिंग
यह इलेक्ट्रिक हैचबैक MEB+ प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और फ्रंट-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ आएगी। इसमें 38kWh और 56kWh बैटरी पैक विकल्प मिलेंगे। बड़ी बैटरी के साथ 451 किमी तक की रेंज का दावा किया गया है। साथ ही 125kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलेगा। 435 लीटर का बूट स्पेस इसे लंबी यात्राओं के लिए बेहतर बनाता है।
स्पोर्टी GTI वेरिएंट भी तैयार
लीक में इसका GTI वर्जन भी सामने आया है, जिसमें हनीकॉम्ब ग्रिल, रेड स्ट्रिप्स और GTI बैजिंग दी गई है। यह वैरिएंट 226hp की पावर के साथ ज्यादा स्पोर्टी परफॉर्मेंस देगा।
(मंजू कुमारी)








