haribhoomi hindi news
Ghaziabad Murder Case: गाजियाबाद से एक खौफनाक वारदात खबर सामने आ रही है। यहां सुलह के लिए साथ ले गए ससुराल वालों पर दमाद की हत्या का आरोप लगा है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Ghaziabad Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक खौफनाक वारदात की खबर सामने आ रही है, यहां ससुराल पक्ष के लोगों ने अपने ही दामाद की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना टीलामोड़ थाना क्षेत्र के फरुखनगर स्थित भनेड़ा पुलिया के पास हुई। मृतक की पहचान लोनी के गीतांजलि विहार के रहने वाले 32 वर्षीय नितिन राठी के रूप में हुई है। नितिन ने करीब एक साल पहले मुस्कान नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था।

देर रात ससुराल पक्ष के लोग नितिन के घर पहुंचे और सुलह-समझौते के नाम पर उसे अपने साथ ले गए। रास्ते में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान नितिन के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद पुलिस को भनेड़ा पुलिया के पास एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए आराध्या अस्पताल भेजा। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ACP अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि नितिन और उसकी पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से अनबन चल रही थी। इसी विवाद को सुलझाने के लिए ससुराल पक्ष के लोग उसे साथ ले जा रहे थे। रास्ते में विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, जिसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में नितिन के ससुर समेत एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा पुलिस अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तारी करेगी।

7