दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने उत्तरी दिल्ली के कमला नगर बाजार का दौरा किया। उन्होंने जनता से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। इसके बाद भरोसा दिलाया कि जो भी समस्याएं रखी हैं, उनका समाधान किया जाएगा। इस दौरान उपराज्यपाल ने कमला नगर मार्केट के छोले भटूरों का भी आनंद लिया।
उन्होंने कहा कि मुझे बेल्ट खरीदनी थी, इसलिए मुझे कमला नगर मार्केट का ख्याल आया। मैं यहां आया और मैंने छोले भटूरे खाए। उन्होंने कहा कि मुझे जनता का स्नेह मिला और उनकी शिकायतें भी सुनने को मिलीं। उन्होंने कहा कि राजधानी दिल्ली को आगे ले जाना हम सभी का कर्तव्य है। प्रधानमंत्री का 'विकसित भारत' का सपना है और इसे साकार करने में दिल्ली की अहम भूमिका होगी। इस योगदान को पूरा करने के लिए हमें जनता से मिलना होगा और उनकी समस्याओं को समझना होगा। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को हल करने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।
दिल्ली की श्रेष्ठ बाजारों में शुमार कमला नगर मार्केट
दिल्ली की कमला नगर मार्केट उत्तर दिल्ली की प्रमुख और सबसे व्यस्त मार्केट है। यह मार्केट दिल्ली विश्वविद्यालय के पास स्थित है। यहां खरीदारी के लिए दिल्ली के अन्य क्षेत्रों से भी भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं। खरीदारी के साथ ही यहां पर खाने पीने के भी ढेरों ऑप्शन हैं। यहां आप ट्रेंडी कपड़ों से लेकर जूते, एक्ससरीज समेत सभी प्रकार की चीजें खरीद सकते हैं।
लेकिन इतनी बड़ी मार्केट के चलते यहां के व्यापारियों को भी अव्यवस्थाओं की वजह से खासी परेशानियां आती हैं। इन सभी मुद्दों को एलजी के समक्ष उठाया गया है। अगर इन मुद्दों का समाधान होता है तो जहां व्यापारियों को राहत मिलेगी, वहीं यहां खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी जाम, गंदगी समेत अन्य परेशानियों से निजात मिल जाएगी।








