Greater Noida Murder Case: ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में अमरपाल, अमित और सनी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुरानी दुश्मनी के चलते एक युवक को कार से कुचलने के बाद उसे हादसे का रूप देने के लिए शव को झाड़ियों में फेंक दिया। उस समय पुलिस ने भी इसे हादसा समझकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
इसके बाद पुलिस लगातार मामले की जांच करती रही और शुरुआती जांच में अमरपाल का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ती गई और पूरे मामले का खुलासा हो गया। शुरुआत में मामला काफी उलझा हुआ लग रहा था लेकिन पुलिस की कड़ी जांच से सारी सच्चाई सामने आ गई है।
ग्रेटर नोएडा पुलिस के एडीशनल डीसीपी के अनुसार, इस मामले का मास्टरमाइंड अमरपाल है, जिसकी मृतक से पुरानी रंजिश थी। बताया जा रहा है कि अमित अमरपाल की तरफ की एक नाबालिग से रेप के मामले में जेल भी जा चुका था। इसी बात का बदला लेने के लिए अमरपाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर अमित की हत्या करने का प्लान बनाया।
अमित को आरोपियों ने 25 मार्च को परी चौक के पास देखा और तेज रफ्तार ईको से कुचल दिया और उसे कार में रखकर लोहे के पाने से अमित के सिर पर प्रहार किया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को हादसे का स्वरूप देने के लिए शव को सफीपुर गांव के पास झाड़ियों में फेंक दिया। इस मामले में फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई ईको कार, एक अवैध तमंचा, मोबाइल फोन और लोहे का पाना भी बरामद कर लिया है।








