गोपी कश्यप- नगरी। महावीर जयंती के पावन अवसर पर नगर पंचायत नगरी में जैन समाज द्वारा भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। शोभायात्रा जैन मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों—बस स्टैंड, बजरंग चौक होते हुए महावीर चौक (वार्ड क्रमांक 11) पहुंची, जहां जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
महावीर चौक स्थित महावीर स्तंभ, जिसका निर्माण पूर्व पार्षद एवं वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष की निधि से हुआ है, वहां प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस वर्ष भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष छाबड़ा द्वारा विधि-विधान के साथ ध्वज चढ़ाया गया एवं महावीर स्तंभ की पूजा-अर्चना की गई। ध्वजारोहण के साथ ही पुष्प वर्षा कर पूरे वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया गया।
भगवान महावीर के जश्कारों से गूंजा शहर
शोभायात्रा में जैन समाज की महिलाओं ने लाल रंग के पारंपरिक परिधान और पुरुषों ने सफेद कुर्ता-पायजामा धारण कर अनुशासित रूप से भाग लिया, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा जयकारों के साथ भगवान महावीर के संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया, जिससे नगर का वातावरण धर्ममय हो उठा।
समाजजनों के साथ जनप्रतिनिधि भी हुए शामिल
कार्यक्रम में जैन समाज के सैकड़ों लोगों सहित नगर पंचायत नगरी के जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, नागेंद्र शुक्ला, मोहन पुजारी, महेंद्र नेताम, दिनेश्वरी नेताम, प्रतिमा देवांगन, रूपेंद्र साहू, हृदय साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने शोभायात्रा का स्वागत कर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को बनाया भव्य
ध्वजारोहण के दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी भव्य बना दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण देखने को मिला, जिसने नगरवासियों के मन में धार्मिक ऊर्जा का संचार किया।










