Bihar Crime News: बिहार के नालंदा जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। घर का सामान लेने निकली एक महिला के साथ कुछ दबंगों ने सरेराह न केवल बदसलूकी की, बल्कि हैवानियत की तमाम हदें पार कर दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला को जमीन पर पटक दिया और बीच सड़क पर उसके कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न कर दिया।
रास्ते में घेरकर की बदसलूकी
घटना नूरसराय थाना क्षेत्र की है। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह 26 मार्च की शाम करीब 6 बजे राशन लेने दुकान जा रही थी। इसी दौरान गांव के अशोक यादव, महालू महतो और रविकांत ने उसे रास्ते में रोक लिया। तीनों ने गलत नीयत से उसे पकड़ लिया और खींचतान शुरू कर दी।
जमीन पर पटका और फाड़े कपड़े
महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जमीन पर पटक दिया। महालू महतो ने उसके सीने पर हाथ डाला और जबरदस्ती करने लगा। इस दौरान आरोपियों ने महिला के कपड़े फाड़ दिए, जिससे वह अर्धनग्न हो गई। शोर मचाने पर गांव के लोग वहां पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस शर्मनाक घटना का एक 42 सेकंड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ लोग महिला के साथ जबरदस्ती कर रहे हैं और उसे भद्दी गालियां दे रहे हैं। पीड़ित महिला का पति काम के सिलसिले में नासिक में रहता है और वह घर पर अपने सास-ससुर के साथ रहती है।
पुलिस ने 2 को किया गिरफ्तार
घटना के अगले दिन पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी की और दो मुख्य आरोपियों- अशोक यादव और नवनीत कुमार नरोत्तम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।










