Darbhanga to Bengaluru Direct Flight: उत्तर बिहार के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दरभंगा से बेंगलुरु के बीच सीधी हवाई सेवा का लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। आगामी 5 अप्रैल से अकासा एयर (Akasa Air) दोनों शहरों के बीच अपनी सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है।
विभिन्न ट्रैवल पोर्टल्स और एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। इस नई सेवा से न केवल दरभंगा, बल्कि मधुबनी, समस्तीपुर और सीतामढ़ी जैसे पड़ोसी जिलों के उन हजारों लोगों को फायदा होगा जो रोजगार या शिक्षा के लिए बेंगलुरु में रहते हैं।
क्या रहेगा फ्लाइट का समय?
अकासा एयर की यह सेवा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। शेड्यूल के मुताबिक, फ्लाइट बेंगलुरु से सुबह 9:40 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 12:15 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचेगी। वापसी में यही विमान दोपहर 12:50 बजे दरभंगा से उड़ान भरकर दोपहर 3:30 बजे बेंगलुरु लैंड करेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले स्पाइसजेट इस रूट पर सेवा दे रही थी, लेकिन तकनीकी कारणों और अनिश्चितता की वजह से पिछले कई महीनों से यह मार्ग ठप पड़ा था, जिससे यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट्स का सहारा लेना पड़ रहा था।
सांसद ने जताई खुशी
स्थानीय सांसद और दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने इस पहल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि 5 अप्रैल से शुरू हो रही यह सेवा बेंगलुरु में रहने वाले छात्रों और प्रोफेशनल्स के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि दरभंगा से देश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी सीधी विमान सेवा शुरू कराने के प्रयास निरंतर जारी हैं। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की बिहार के प्रति विकासपरक सोच का हिस्सा बताया।
स्पाइसजेट की फ्लाइट्स रद्द होने से यात्री परेशान
एक तरफ जहाँ नई सेवा की खुशी है, वहीं दूसरी तरफ सोमवार को दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा। स्पाइसजेट की दिल्ली-दरभंगा और मुंबई-दरभंगा फ्लाइट्स अचानक रद्द होने के कारण एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मुंबई से सुबह 11:05 बजे आने वाली और दिल्ली से दोपहर 3:20 बजे आने वाली फ्लाइट्स के रद्द होने से यात्रियों ने एयरलाइन प्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की। कई यात्री दूर-दराज के जिलों से सफर के लिए पहुंचे थे, जिन्हें बिना यात्रा के ही वापस लौटना पड़ा।









