Jitan Ram Manjhi on Nitish Kumar Resignation: बिहार की सियासत में 'सुशासन बाबू' के नाम से मशहूर नीतीश कुमार ने सोमवार को एक युग का अंत करते हुए विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पिछले दो दशकों से सदन का हिस्सा रहे नीतीश के इस फैसले ने उनके सहयोगियों को भावुक कर दिया है।
जीतन राम मांझी ने की नीतीश की तारीफ
सीएम नीतीश के MLC पद से इस्तीफा देने पर केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पर बेहद खास अंदाज में अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। मांझी ने भोजपुरी के मशहूर गीत की पंक्ति साझा करते हुए लिखा, “तहरा जईसन केहू नईखें, तू बे-जोड़ बाड़ा हो…”
जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार को नए बिहार का सृजनकर्ता करार दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार का भविष्य और विकास आगे भी नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही सुनिश्चित होगा। हालांकि मांझी समय-समय पर शराबबंदी जैसे मुद्दों पर नीतीश सरकार को घेरते रहे हैं, लेकिन इस्तीफे के इस क्षण में उन्होंने नीतीश कुमार को एक 'महान नेता' और अपना मार्गदर्शक बताया है।
तहरा जईसन केहू नईखें,
— Jitan Ram Manjhi (@jitanrmanjhi) March 30, 2026
तू बे-जोड़ बाड़ा हो…
आपके मार्गदर्शन से ही बिहार चलेगा नीतीश जी।
आप इस नए बिहार के सृजनकर्ता हैं…@NitishKumar @Jduonline pic.twitter.com/rxuRWgQnCE
बेटे संतोष सुमन ने भी जताया सम्मान
मांझी के साथ-साथ उनके पुत्र और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने भी इस पल को भावुक बताया। उन्होंने कहा कि सदन में नीतीश कुमार के साथ रहना उनके लिए सौभाग्य की बात रही। सुमन के अनुसार, नीतीश जी का सरल व्यक्तित्व और दूरदर्शी सोच आने वाली पीढ़ी के जनप्रतिनिधियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भले ही यह पद का परिवर्तन है, लेकिन नीतीश का नेतृत्व राज्य को मिलता रहेगा।
अशोक चौधरी और विजय चौधरी हुए भावुक
नीतीश कुमार के इस फैसले का असर उनके मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों पर भी गहरा दिखा। मंत्री अशोक चौधरी इस्तीफे की खबर सुनकर कैमरे के सामने ही फफक कर रो पड़े। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि देश की राजनीति में नीतीश कुमार जैसा कोई दूसरा व्यक्तित्व नहीं है। उन्होंने नीतीश को एक कुशल प्रशासक और आदर्श पार्लियामेंटेरियन बताया। वहीं विजय चौधरी ने भी उनके मार्गदर्शन की सराहना करते हुए इसे बिहार की संसदीय राजनीति के लिए एक बड़े बदलाव का संकेत बताया।










