haribhoomi hindi news
बिहार के रोहतास जिले में जमीनी विवाद को लेकर दो भांजों ने अपने मामा बैजनाथ सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात नासरीगंज के पडुरी गांव की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Rohtas Crime News: बिहार के रोहतास जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ नासरीगंज थाना क्षेत्र के पडुरी गांव में बुधवार सुबह करीब 9 बजे रिश्तों का खून बह गया। दो भांजों ने मिलकर अपने ही सगे मामा, 55 वर्षीय बैजनाथ सिंह की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावर काले रंग की एसयूवी (SUV) गाड़ी से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

चाय पीने निकले थे पिता-पुत्र, तभी बरसीं गोलियां
मृतक बैजनाथ सिंह बुधवार सुबह अपने बेटे सतीश सिंह उर्फ सोनू कुमार के साथ गांव के बाहर सड़क पर चाय-पान के लिए निकले थे। इसी दौरान काले रंग की एक एसयूवी वहां आकर रुकी, जिससे बैजनाथ के दो भांजे, गोपाल राय और रंजीत मउआर उतरे। दोनों पक्षों के बीच कुछ देर विवाद हुआ और देखते ही देखते भांजों ने अपने मामा पर करीब से फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद बैजनाथ सिंह वहीं गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें स्थानीय पीएचसी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जमीनी विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे की वजह जमीन-जायदाद का पुराना विवाद सामने आया है। बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि मृतक बैजनाथ सिंह की बहनें लंबे समय से अपने मायके में ही बस गई थीं, जिसके कारण बैजनाथ और उनके भांजों के बीच संपत्ति को लेकर तनाव चल रहा था। घटना वाले दिन सुबह भी दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हुई थी, जिसके बाद भांजों ने इस आत्मघाती कदम को अंजाम दिया। आरोपी गोपाल राय और रंजीत मउआर आपस में मौसेरे भाई बताए जा रहे हैं।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। मृतक के बेटे सतीश सिंह ने थाने में आवेदन देकर अपने दोनों भाइयों समेत आधा दर्जन लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और उन्हें जल्द ही कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

7