haribhoomi hindi news
मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्देशक रंजीत बालकृष्णन को गिरफ्तार किया गया है। उनपर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे हैं जिसके बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। आरोप एक एक्ट्रेस ने लगाए हैं।

Director Ranjith arrested: मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित निर्देशक और निर्माता रंजीत बालकृष्णन (Ranjith Balakrishnan) को गरिफ्तार किया गया है। उनपर एक एक्ट्रेस ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में बुधवार को एर्नाकुलम पुलिस ने रंजीत को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जहां अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं इन आरोपों पर डायरेक्टर ने कहा कि उनपर झूठा मामला दर्ज किया गया है।

एक्ट्रेस ने लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप

यह मामला एक यंग एक्ट्रेस की शिकायत के बाद सामने आया, जिसमें उसने आरोप लगाया कि 30 जनवरी को शूटिंग के दौरान एक कारवां के अंदर निर्देशक ने उसके साथ अनुचित व्यवहार किया और यौन उत्पीड़न की कोशिश की। शिकायत दर्ज होने के बाद कोच्चि सिटी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पीड़िता का गोपनीय बयान दर्ज करने के बाद निर्देशक को 31 मार्च को थोडुपुझा से गिरफ्तार कर लिया।

ये भी पढ़ें- Salman Khan: प्रेसिडेंट कप में बेकाबू भीड़ के बीच फंसे सलमान खान, सिक्योरिटी ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला

पुलिस ने यह मामला एर्नाकुलम महिला पुलिस स्टेशन में दर्ज किया, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं लगाई गईं- जैसे महिला की मर्यादा भंग करने के इरादे से हमला (धारा 74), यौन उत्पीड़न (धारा 75) और अपमानजनक कृत्य (धारा 79)। मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है।

रंजीत ने मामला झूठा बताया

गिरफ्तारी के बाद निर्देशक ने मीडिया से बातचीत में सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे झूठा मामला बताया। उनके वकील ने भी कहा कि जल्द ही अदालत में जमानत याचिका दाखिल की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देशक की स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए बताया कि उनका पहले लिवर ट्रांसप्लांट और स्पाइन सर्जरी हो चुकी है।

ये भी पढ़ें- Dhurandhar 2 BO Collection: हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी कमाई वाली फिल्म बनी ‘धुरंधर 2’; 13वें दिन कलेक्शन 1400 करोड़ पार

गिरफ्तारी के बाद रंजीत बालकृष्णन ने तबीयत खराब होने की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें एर्नाकुलम जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान उनके ब्लड प्रेशर और ईसीजी में कुछ बदलाव पाए गए, हालांकि डॉक्टरों ने किसी गंभीर समस्या से इनकार किया। उपचार के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।

रंजीत पर पहले भी लग चुके गंभीर आरोप

गौरतलब है कि साल 2024 में बंगाली अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा ने भी निर्देशक पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, जिसके बाद उन्होंने केरल चलचित्र अकादमी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उस समय भी उन्होंने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था।
 

7